3 सेकंड में उजड़ गई जिंदगी! मुजफ्फरनगर के पुरकाजी हाईवे पर बुलेट सवार को स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, CCTV में कैद हादसा

Updated:
विज्ञापन

CCTV में कैद हादसा

Muzaffarnagar Road Accident: दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बुलेट सवार को महज 3 सेकंड में टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. यह भयावह घटना CCTV में कैद हो गई है और रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

विज्ञापन

Muzaffarnagar Road Accident: दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर रफ्तार का एक ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया है, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए. पुरकाजी के फलौदा कट पर महज 3 सेकंड के भीतर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बुलेट सवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि बुलेट सवार की मौके पर ही मौत हो गई. पूरी घटना सड़क किनारे लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

विज्ञापन

हरिद्वार की ओर से आ रही थी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो

जानकारी के मुताबिक, 20 अगस्त की रात बरला गांव निवासी जावेद बुलेट से फलौदा कट पर हाईवे पार कर रहे थे. इसी दौरान हरिद्वार की तरफ से तेज गति से स्कॉर्पियो कार आई. जावेद जैसे ही बाइक लेकर सड़क पार करने के लिए आगे बढ़े, स्कॉर्पियो ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी. हादसा इतनी तेजी से हुआ कि जावेद को संभलने तक का मौका नहीं मिला. बताया जा रहा है कि पूरी घटना महज करीब तीन सेकंड में घट गई.

CCTV में कैद हुआ हादसे का खौफनाक दृश्य

फलौदा कट के पास लगे नगर पंचायत के CCTV कैमरे में दुर्घटना का पूरा दृश्य कैद हो गया. फुटेज में दिखाई देता है कि जावेद बुलेट लेकर सड़क पार करने के लिए आगे बढ़ते हैं और उसी वक्त हरिद्वार की ओर से आ रही स्कॉर्पियो बाइक से टकरा जाती है. टक्कर के बाद जावेद दूर जा गिरते हैं. हादसे के बाद यह CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया और तेजी से वायरल होने लगा. घटना ने हाईवे पर कट और तिराहों से गुजरते समय सावधानी बरतने की जरूरत को फिर सामने ला दिया है.

जावेद की मौत से परिवार में मचा कोहराम

हादसे में जावेद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण कट और तिराहों पर सड़क पार करना बेहद जोखिम भरा हो जाता है. ऐसे स्थानों पर वाहन चालकों को गति नियंत्रित रखने और आसपास देखकर आगे बढ़ने की जरूरत है.

नगर पंचायत अध्यक्ष ने की सावधानी बरतने की अपील

हादसे के बाद पुरकाजी नगर पंचायत अध्यक्ष जाहिर फारूकी ने वीडियो जारी कर लोगों से सड़क सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी कट, तिराहे या चौराहे पर पहुंचने पर वाहन को कुछ सेकंड रोककर दाएं-बाएं और आगे-पीछे देखकर ही आगे बढ़ना चाहिए. उनका कहना है कि कुछ सेकंड की सावधानी किसी की जिंदगी बचा सकती है. उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और तेज रफ्तार से बचने की भी अपील की. अध्यक्ष ने कहा कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही पूरे परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे सकती है.

Must Read- रसगुल्ला खाने से पहले रुकिए! UP के गाजियाबाद में मक्खियों और घातक केमिकल से बनी 10 कुंतल मिठाई पर चला चाबुक


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola