मऊ में DM से बोली कक्षा 1 की छात्रा- सर, सड़क बनवा दीजिए, ड्रेस गंदी हो जाती है, मिला ये जवाब
मऊ में DM के पास पहुंची 7 साल की बच्ची
उत्तर प्रदेश में एक 7 साल की छात्रा समरा नाज ने अपने मोहल्ले की बदहाल सड़क को लेकर सीधे जिलाधिकारी (DM) से गुहार लगाई. क्लास 1 की छात्रा ने बताया कि कैसे खराब सड़क के कारण वह कई बार गिर जाती है और उसकी स्कूल ड्रेस गंदी हो जाती है. बच्ची की हिम्मत और समस्या की दास्तान सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.
Uttar Pradesh News : जिले के नगर क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर-17 की रहने वाली सात वर्षीय छात्रा समरा नाज अपने मोहल्ले की बदहाल सड़क की शिकायत लेकर सीधे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गयी. कक्षा एक में पढ़ने वाली समरा ने हाथ में शिकायती पत्र लेकर जिलाधिकारी आनंद वर्धन से सड़क बनवाने की गुहार लगायी. बच्ची ने बताया कि स्कूल आने-जाने के दौरान खराब कच्ची सड़क के कारण वह कई बार गिर जाती है और उसकी स्कूल ड्रेस गंदी हो जाती है.
सर, मेरे घर का रास्ता बनवा दीजिए
निजी कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ने वाली समरा नाज ने जिलाधिकारी से अपनी समस्या बताते हुए कहा कि उसके घर का रास्ता बेहद खराब है. स्कूल आने-जाने में उसे काफी परेशानी होती है. रास्ते पर चलते समय वह कई बार गिर जाती है, जिससे उसकी ड्रेस गंदी हो जाती है. इसी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर वह खुद डीएम से मिलने पहुंची.
डीएम ने बच्ची को दिया समाधान का भरोसा
जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने बच्ची की बात ध्यान से सुनी और उसके परिजनों से भी सड़क के संबंध में जानकारी ली. उन्होंने बच्ची को दुलारते हुए रास्ते की समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया. साथ ही उसे रोज स्कूल जाने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया.
वार्ड-17 में करीब 25 मीटर रास्ता कच्चा
डीएम आनंद वर्धन के अनुसार, वार्ड नंबर-17 में करीब 25 मीटर रास्ता कच्चा है. उन्होंने बताया कि सड़क की स्थिति की जांच के लिए टीम भेजी जाएगी. जांच के बाद जो भी संभव समाधान होगा, उसे पूरा कराया जाएगा, ताकि बच्ची समेत अन्य लोगों को भी आवागमन में परेशानी न हो.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मासूम छात्रा के डीएम कार्यालय पहुंचने और अपनी समस्या बताने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोग बच्ची की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं. वहीं, बच्ची की शिकायत सुनकर समस्या का समाधान कराने के डीएम के रवैये की भी सराहना की जा रही है.
Also Read : बरेली में जमीन-मकान के दाम बढ़े, आज से नए सर्किल रेट लागू , इन इलाकों में ज्यादा बढ़ोतरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए