महोबा में पेट्रोल पंप पर खून-खराबा, कुल्हाड़ी से हाथ पैर काटने का आरोप, बीजेपी नेता समेत कई लोगों पर FIR
घायल युवक को अस्पताल ले जाती पुलिस
UP Mahoba Crime News: महोबा जिले में एक पेट्रोल पंप पर 28 वर्षीय युवक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला हुआ, जिसमें उसके हाथ-पैर काट दिए गए. पीड़ित की हालत गंभीर है और उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है. परिजनों ने बीजेपी नेता पर हमले का आरोप लगाया है.
UP Mahoba Crime News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक युवक पर जानलेवा हमले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने पहुंचे 28 वर्षीय युवक के हाथ-पैर हमलावरों के द्वारा काट दिया गया, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई. घटना के बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया. इस घटना में बीजेपी नेता समेत कई लोगों के नाम सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
पेट्रोल पंप पर हुआ हमला
यह घटना महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र के कानपुर-सागर हाईवे स्थित समदनगर इलाके की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने पहुंचा था. इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया. हमलावरों ने युवक पर धारदार हथियारों से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
मां के सामने लहूलुहान हुआ बेटा
घटना के दौरान युवक की मां भी मौके पर मौजूद थी. घायल बेटे को खून से लथपथ देख वह मदद के लिए गुहार लगाती रही. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
बीजेपी नेता पर आरोप
पीड़ित के परिजनों ने इस हमले के पीछे बीजेपी नेता और उनके कुछ साथियों पर आरोप लगाया है. परिवार का कहना है कि यह हमला सुनियोजित था. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: पढ़ाई के लिए घर छोड़ा, 17 दिन बाद हॉस्टल के कमरे में मिली लाश, डायरी ने सबको झकझोर दिया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए