पहले हाथापाई... फिर छात्रों ने एडिशनल प्रॉक्टर को दौड़ाया! गोरखपुर यूनिवर्सिटी में भूख हड़ताल के दौरान बड़ा बवाल, VIDEO वायरल
छात्रों और गार्ड्स के बीच बढ़ा तनाव, वीडियो वायरल
UP News: गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों का आंदोलन मंगलवार को हंगामे में बदल गया. भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों और एडिशनल प्रॉक्टर के बीच बहस के बाद हाथापाई हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया.
UP News: उत्तर प्रदेश के दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों का आंदोलन मंगलवार को अचानक हंगामे में बदल गया. प्रशासनिक भवन के बाहर भूख हड़ताल कर रहे छात्रों और एडिशनल प्रॉक्टर के बीच पहले तीखी बहस हुई और फिर मामला इतना बढ़ गया कि हाथापाई की नौबत आ गई. इसी दौरान नाराज छात्रों ने एडिशनल प्रॉक्टर को दौड़ा लिया. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
भूख हड़ताल खत्म कराने पहुंचे थे एडिशनल प्रॉक्टर
मंगलवार, 8 सितंबर की दोपहर छात्र नेता सतीश प्रजापति और उज्जवल सिंह प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार के बाहर भूख हड़ताल पर बैठे थे. उनके समर्थन में कई छात्र भी वहां मौजूद थे. इसी दौरान एडिशनल प्रॉक्टर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. वेद प्रकाश राय छात्रों से बातचीत करने पहुंचे.
मांगों को लेकर हुई बहस, बिगड़ गया माहौल
छात्रों ने एडिशनल प्रॉक्टर के सामने अपनी मांगें रखीं. बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाई. धीरे-धीरे बहस तेज होती गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया. इसके बाद स्थिति ऐसी बन गई कि छात्रों ने एडिशनल प्रॉक्टर को दौड़ा लिया.
प्रशासनिक भवन से बाहर भागते दिखे एडिशनल प्रॉक्टर
छात्रों को पीछे आते देख एडिशनल प्रॉक्टर प्रशासनिक भवन के अंदर से बाहर की तरफ भागने लगे. कुछ ही देर में विश्वविद्यालय की सुरक्षा में तैनात गार्ड और पुलिसकर्मी भी वहां पहुंच गए. उन्होंने एडिशनल प्रॉक्टर को सुरक्षित बाहर निकाला और उनके कार्यालय तक पहुंचाया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एडिशनल प्रॉक्टर को भागते और सुरक्षा कर्मियों को उनके साथ जाते हुए देखा जा रहा है.
25 अगस्त से चल रहा है छात्रों का आंदोलन
विश्वविद्यालय में छात्रों की समस्याओं और कथित अनियमितताओं को लेकर 25 अगस्त से प्रशासनिक भवन के सामने धरना चल रहा है. इसके बाद 5 सितंबर से छात्रों ने आंदोलन को भूख हड़ताल में बदल दिया. छात्र नेता सतीश प्रजापति पिछले चार दिनों से भूख हड़ताल पर हैं.
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात
आंदोलन कर रहे छात्रों का कहना है कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं करता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. इसी बीच मंगलवार को बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने से मामला और तूल पकड़ गया.
नए कुलपति के कार्यभार संभालने से पहले बढ़ा विवाद
विश्वविद्यालय के नए कुलपति प्रोफेसर कृष्ण पाल सिंह ने अभी पदभार ग्रहण नहीं किया है. उनके कार्यभार संभालने से पहले ही छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच यह विवाद सामने आया है. अब इस घटना के बाद छात्रों के आंदोलन और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच आगे की बातचीत पर नजर रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए