अगर आज लखनऊ की ट्रेन पकड़नी है तो रुकिए! चारबाग में महा-ब्लॉक शुरू, बदला 20+ ट्रेनों का रूट
चारबाग में महा-ब्लॉक शुरू
चारबाग रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए कॉनकोर्स निर्माण का कार्य शुरू हो गया है, जिसके चलते एक बड़ा मेगा ब्लॉक लिया गया है. इस दौरान 20 से अधिक महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन, मार्ग और ठहराव में बदलाव किए गए हैं. यात्रियों को सलाह है कि वे यात्रा करने से पहले नवीनतम जानकारी अवश्य जांच लें.
Charbagh Railway Station: चारबाग रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कॉनकोर्स निर्माण का कार्य शुरू हो गया है. इसके चलते 16 सितंबर से 12 अक्टूबर तक यानी कुल 27 दिनों का मेगा ब्लॉक लिया गया है. इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पूरी तरह से बंद रहेंगे, जबकि प्लेटफॉर्म नंबर 1 और एमआर-1 पर आंशिक असर पड़ेगा. ब्लॉक के कारण लखनऊ और कानपुर के बीच चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों के रूट, समय और टर्मिनलों में बदलाव किया गया है.
कानपुर जाने वाली ट्रेनों के टर्मिनल में बदलाव
ब्लॉक की वजह से कुछ ट्रेनों को लखनऊ के बजाय कानपुर सेंट्रल या मानकनगर तक ही चलाया जा रहा है. ट्रेन संख्या 64701-64702 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-लखनऊ मेमू ब्लॉक अवधि में कानपुर सेंट्रल तक ही चलेगी और वहीं से वापस रवाना होगी. वहीं 64212 कानपुर-लखनऊ मेमू मानकनगर तक जाएगी, जबकि 64255 उतरेटिया-कानपुर मेमू मानकनगर से संचालित होगी.
20 ट्रेनों के मार्ग और ठहराव में बदलाव
ब्लॉक के चलते करीब 20 ट्रेनों के संचालन, मार्ग या ठहराव में बदलाव किया गया है. ट्रेन संख्या 12571/12572 गोरखपुर-आनंद विहार, 12555/12556 गोरखपुर-बठिंडा, 11123/11124 ग्वालियर-बरौनी और 15025/15026 मऊ-आनंद विहार लखनऊ के बजाय ऐशबाग होकर चलेंगी. इन ट्रेनों को ऐशबाग और बादशाहनगर में अतिरिक्त ठहराव दिया गया है.
इन ट्रेनों का ठहराव उतरेटिया और आलमनगर में
ट्रेन संख्या 15075/15073 शक्तिनगर-सिंगरौली-टनकपुर और 15074/15076 टनकपुर-सिंगरौली/शक्तिनगर उतरेटिया-ट्रांसपोर्टनगर-आलमनगर होकर संचालित होंगी. लखनऊ की जगह इन ट्रेनों का ठहराव उतरेटिया और आलमनगर में किया गया है. ऐसे में यात्रियों को ब्लॉक अवधि में ट्रेन पकड़ने से पहले बदले हुए रूट और ठहराव की जानकारी जरूर देखनी होगी.
एलटीटी-लखनऊ ट्रेन भी बदले शेड्यूल पर चलेगी
इसके अलावा 22121 एलटीटी-लखनऊ ट्रेन 19 और 26 सितंबर तथा 3 और 10 अक्टूबर को लखनऊ जंक्शन पर समाप्त होगी. वापसी में यह ट्रेन 20 और 27 सितंबर तथा 4 और 11 अक्टूबर को लखनऊ जंक्शन से ही रवाना होगी. ब्लॉक के कारण बदले गए संचालन से कानपुर और लखनऊ के बीच सफर करने वाले यात्रियों को विशेष रूप से प्रभावित ट्रेनों की जानकारी पहले से जांचने की जरूरत होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए