मिट्टी का घर बना कब्र, मलबे में दबा परिवार... पुलिस एक घंटे लेट, क्या बच सकती थीं 3 जिंदगियां?
कानपुर देहात में कच्चा मकान गिरने से मलबे में दबा परिवार.
UP News: कानपुर देहात में बारिश के कारण एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. कच्चा मकान गिरने से पिता और चार बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई. गनीमत रही कि एक बेटी को जिंदा बचा लिया गया, जिसकी हालत गंभीर है.
UP News: कानपुर देहात के हिरनी गांव में रविवार सुबह बारिश ने एक परिवार से उसका पूरा सहारा छीन लिया. कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा. मलबे में पिता और चार बेटियां दब गईं. ग्रामीणों ने बिना किसी इंतजार के बचाव शुरू किया. चार लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. करीब डेढ़ घंटे बाद चौथी बेटी काजल को जिंदा निकाला गया. उसकी हालत गंभीर है.
मलबे में दबा परिवार
रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में मुकेश सिंह का दो मंजिला कच्चा मकान अचानक ढह गया. उस समय घर के अंदर मुकेश और उनकी चार बेटियां मौजूद थीं. मकान गिरते ही गांव में चीख-पुकार मच गई.
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. जेसीबी और दूसरे संसाधनों का इंतजार किए बिना लोगों ने हाथों और फावड़ों से मलबा हटाना शुरू कर दिया. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने मुकेश, माया, नीतू और पल्लवी को बाहर निकाला. सभी को सीएचसी पतारा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
काजल को जिंदा निकाला
मलबे में मुकेश की चौथी बेटी काजल उर्फ लक्ष्मी भी दबी थी. उसे निकालने में सबसे ज्यादा समय लगा. करीब डेढ़ घंटे की कोशिश के बाद ग्रामीणों ने उसे जिंदा बाहर निकाल लिया. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया.
पुलिस के पहुंचने पर उठे सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे की सूचना तुरंत 112 पर दी गई थी. इसके बावजूद पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची. ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस के आने से पहले ही वे चार लोगों को मलबे से निकाल चुके थे. हादसे के बाद गांव में चर्चा है कि अगर राहत दल समय पर पहुंच जाता, तो शायद कुछ और जानें बचाई जा सकती थीं.
शाहजहांपुर से पवन तोमर की रिपोर्ट
Also Read: शाहजहांपुर के सरकारी स्कूल में घुसकर सपा समर्थकों की नारेबाजी, बच्चों में दहशत, 20 पर हुए FIR
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए