कानपुर में तीन बच्चों की मां युवती संग लिव-इन में रहने के लिए फरार, पुलिस को 11 दिन बाद पनकी में युवती के साथ मिली महिला
कानपुर में तीन बच्चों की मां युवती संग लिव-इन में रहने के लिए फरार
कानपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. तीन बच्चों की मां एक युवती के साथ घर छोड़कर चली गई. इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद दोनों साथ रहने का फैसला किया.
UP News: कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला के एक युवती के साथ घर छोड़कर चले जाने का मामला सामने आया है. तीन बच्चों की मां 30 वर्षीय महिला 6 सितंबर को अपने मायके से लापता हुई थी. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की. करीब 11 दिन बाद बुधवार को पुलिस ने महिला को पनकी इलाके से बरामद कर लिया. वह यहां 25 वर्षीय युवती के साथ किराये के मकान में रह रही थी.
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोनों की दोस्ती
पुलिस के अनुसार, महिला और युवती की दोस्ती करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिये हुई थी. समय के साथ दोनों की दोस्ती गहरी हो गई, इसके बाद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया. बताया गया कि महिला महाराजपुर की रहने वाली है, जबकि युवती भी इसी क्षेत्र की निवासी है और दिल्ली से आकर पनकी में रहने लगी थी. दोनों को किराये का मकान दिलाने में सरसौल निवासी एक युवक ने मदद की थी.
दोनों ने साथ रहने की जताई इच्छा
पुलिस टीम जब पनकी स्थित मकान पर पहुंची तो महिला के साथ युवती भी मिली. थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि दोनों बालिग हैं और हिंदू समुदाय से हैं. पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे एक-दूसरे के साथ रहना चाहती हैं और अपने-अपने घर वापस नहीं जाना चाहतीं. पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए