पहले बने IPS, फिर हासिल की 41वीं रैंक और बन गए IAS, जानिए कौन है अंकित खंडेलवाल जो लाखों युवाओं की है प्रेरणा
IAS अंकित खंडेलवाल
संभल के एसपी रहे IPS केके बिश्नोई की विदाई के दौरान IAS अंकित खंडेलवाल भी भावुक हो गए. दोनों अधिकारियों के बीच की आत्मीयता चर्चा का विषय बनी हुई है. यह कहानी एक IPS से IAS बनने वाले अधिकारी की प्रेरणादायक यात्रा को भी उजागर करती है.
IAS Ankit Khandelwal : संभल के एसपी रहे IPS केके बिश्नोई की विदाई का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है. 22 अगस्त को आयोजित विदाई समारोह में अपने कार्यकाल और सहयोगियों को याद करते हुए केके बिश्नोई भावुक हो गए. उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. पास बैठे संभल के डीएम IAS अंकित खंडेलवाल ने उन्हें संभालने की कोशिश की. उन्होंने पानी पिलाया और पीठ थपथपाकर उन्हें ढांढस बंधाया. हालांकि, साथी अधिकारी को इस तरह भावुक देखकर अंकित खंडेलवाल भी खुद को नहीं संभाल सके और उनकी आंखों से भी आंसू छलक पड़े.
करीब 770 दिन संभल के SP रहे केके बिश्नोई
केके बिश्नोई करीब 770 दिनों तक संभल के पुलिस अधीक्षक रहे. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों के साथ अपने अनुभव साझा किए. विदाई समारोह में जब वह अपने कार्यकाल को याद कर रहे थे, तभी वह भावुक हो गए. उनके बगल में बैठे डीएम अंकित खंडेलवाल ने उन्हें पानी पिलाया और संभालने की कोशिश की. कुछ ही देर बाद अंकित खंडेलवाल भी भावुक नजर आए. दोनों अधिकारियों के बीच दिखाई दी यह सहजता और आत्मीयता अब चर्चा का विषय बनी हुई है.
कौन हैं IAS अंकित खंडेलवाल?
अंकित खंडेलवाल उत्तर प्रदेश कैडर के 2017 बैच के IAS अधिकारी हैं. उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 41 हासिल की थी. इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले अंकित खंडेलवाल का प्रशासनिक सफर काफी खास रहा है. IAS बनने के बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश में कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाली. वह मुरादाबाद में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट, मेरठ में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और अलीगढ़ में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के पद पर काम कर चुके हैं. इसके बाद उन्हें आगरा नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया.
पहले बने IPS,फिर IAS बनने का हासिल किया मुकाम
अंकित खंडेलवाल की कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने सीधे IAS अधिकारी के तौर पर अपने करियर की शुरुआत नहीं की थी. UPSC सिविल सेवा परीक्षा में सफलता के बाद उन्हें 2016 बैच के IPS अधिकारी के रूप में सेवा का मौका मिला. हालांकि, उनका लक्ष्य IAS बनना था. इसके बाद उन्होंने दोबारा UPSC सिविल सेवा परीक्षा दी और इस बार ऑल इंडिया रैंक 41 हासिल कर IAS बनने का सपना पूरा किया.
आगरा में ‘कबाड़ से कमाल’ की पहल रही चर्चा में
अंकित खंडेलवाल के आगरा नगर आयुक्त के कार्यकाल की कई पहलें चर्चा में रहीं. इनमें ‘कबाड़ से कमाल’ योजना खास रही. नगर निगम के स्टोर में पड़े कबाड़ और स्क्रैप का इस्तेमाल कर आकर्षक कलाकृतियां तैयार कराई गईं. स्क्रैप से भगवान श्रीराम के मंदिर की प्रतिकृति बनाई गई. इसके अलावा बांसुरी के साथ भगवान श्रीकृष्ण के बाल रूप समेत कई अन्य कलाकृतियां भी तैयार कराई गईं. इस पहल को लेकर अंकित खंडेलवाल की काफी चर्चा हुई.
संभल में जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने पर जोर
अब संभल के डीएम के तौर पर अंकित खंडेलवाल का फोकस प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण और उन्हें पुनर्जीवित करने पर है. जिले में पुरानी नदियों और जलस्रोतों को फिर से जीवंत करने की दिशा में काम किया जा रहा है. वर्धमान नदी के पुनर्जीवन अभियान में प्रशासन ने काम शुरू किया है. इस दौरान डीएम अंकित खंडेलवाल खुद मौके पर पहुंचे और श्रमदान करते हुए भी नजर आए. प्रशासन का लक्ष्य सिर्फ नदी की सफाई करना नहीं, बल्कि उसके पुराने स्वरूप को वापस लाना और जल संरक्षण के लिए स्थायी व्यवस्था तैयार करना है.
तालाब और सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराने पर भी फोकस
संभल में तालाबों और झीलों की जमीन को कब्जामुक्त कराने पर भी प्रशासन का जोर है. इसके लिए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. वहीं, संभल-मुरादाबाद हाईवे के किनारे करीब 38 बीघा सरकारी जमीन का मामला भी सामने आया है. इसकी अनुमानित कीमत करीब 101 करोड़ रुपये बताई गई. प्रशासन की ओर से सरकारी जमीनों को लेकर कार्रवाई की जा रही है.
भावुक विदाई ने फिर सुर्खियों में ला दिया
केके बिश्नोई की विदाई के दौरान सामने आए भावुक पलों ने एक बार फिर IAS अंकित खंडेलवाल को चर्चा में ला दिया है. एक तरफ उनके प्रशासनिक फैसले और नई पहलें सुर्खियां बटोरती रही हैं, तो दूसरी ओर सहकर्मी अधिकारी के साथ उनकी सहजता और संवेदनशीलता का यह वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है.
Also Read : हिजाब नहीं पहनने से आस्था को खतरा नहीं, स्कूल यूनिफॉर्म पर हाईकोर्ट का फैसला, छात्रा की याचिका खारिज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए