गोरखपुर में दोस्त ही निकले कातिल, 3 महीने बाद थप्पड़ का लिया खूनी बदला

Updated:
विज्ञापन
3 आरोपी गिरफ्तार

3 आरोपी गिरफ्तार

UP News: गोरखपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहाँ 30 वर्षीय प्रेम सागर यादव की हत्या उसके दोस्तों ने ही की. तीन महीने पहले एक शराब पार्टी में हुए थप्पड़ का बदला लेने के लिए तीनों ने मिलकर यह खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से दोस्ती को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है. यहां 30 वर्षीय प्रेम सागर यादव की हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश या पेशेवर अपराधी नहीं, बल्कि उसके अपने ही दोस्त निकले. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि करीब तीन महीने पहले शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद और एक थप्पड़ की बेइज्जती का बदला लेने के लिए तीन दोस्तों ने मिलकर खौफनाक साजिश रची. पहले प्रेम सागर को भरोसे में लेकर शराब पिलाई गई, फिर सुनसान जगह ले जाकर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

तीन महीने पुराने विवाद ने ले ली जान

गोरखपुर के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र में रहने वाले 30 वर्षीय प्रेम सागर यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, हत्या किसी पेशेवर अपराधी ने नहीं, बल्कि प्रेम सागर के ही तीन दोस्तों ने मिलकर की. जांच में सामने आया कि करीब तीन महीने पहले शराब पार्टी के दौरान प्रेम सागर और उसके दोस्तों अजीत कुमार यादव उर्फ सिंटू तथा अखिलेश यादव के बीच कहासुनी हो गई थी. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में प्रेम सागर ने अजीत उर्फ सिंटू को थप्पड़ मार दिया. पुलिस के मुताबिक, इसी अपमान का बदला लेने के लिए आरोपियों ने हत्या की पूरी साजिश तैयार की.

सड़क किनारे घायल मिला था प्रेम सागर

पुलिस के अनुसार, रविवार को बैजलपुर ग्राम पंचायत भवन के पास सड़क किनारे प्रेम सागर यादव गंभीर हालत में पड़े मिले थे. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया. हालत नाजुक होने पर उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई. इसके बाद मृतक के पिता ज्ञानेंद्र यादव की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई.

सर्विलांस और CCTV से खुली हत्या की गुत्थी

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली. पूछताछ और सबूतों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई. जांच में सामने आया कि तीनों दोस्तों ने पहले से हत्या की योजना बनाई थी और सही मौके का इंतजार कर रहे थे.

पहले शराब पिलाई, फिर सुनसान जगह ले जाकर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, 18 जुलाई की शाम अखिलेश यादव ने प्रेम सागर को मिलने के लिए बुलाया और उसे जमकर शराब पिलाई. जब वह नशे में हो गया तो अखिलेश ने अपने साथी अजीत उर्फ सिंटू और सुधीर यादव को भी बुला लिया. इसके बाद तीनों प्रेम सागर को कार में बैठाकर बैजलपुर-सीउरा मार्ग के सुनसान इलाके में ले गए. वहां लोहे की रॉड और डंडों से उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ हमला किया गया. आरोपियों ने उसे मृत समझकर सड़क किनारे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए.

तीनों आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल वाहन भी बरामद

पुलिस ने इस मामले में संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद थाना क्षेत्र निवासी अखिलेश यादव (20), अजीत यादव उर्फ सिंटू (40) और सुधीर यादव (21) को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. क्षेत्राधिकारी गीडा के अनुसार, हत्या बदले की भावना से की गई थी. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल वाहन और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.

परिवार में पसरा मातम

प्रेम सागर यादव की शादी वर्ष 2022 में हुई थी. पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से पारिवारिक विवाद के चलते उनकी पत्नी उनसे अलग रह रही थी. इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

Also Read: UP का शहरोज मुंबई में करने वाले था धमाका ,अंजाम देने से पहले ATS ने दबोचा


विज्ञापन
Lucky Kumari

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola