ससुर को घर की चाबी देकर क्यों भागा दामाद? दरवाजा खुलते ही सामने आया खौफनाक सच, पिता के उड़े होश, जानें पूरा मामला
दरवाजा खुलते ही सामने आया खौफनाक सच
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के औरैया में शराब के नशे में एक पति ने अपनी पत्नी रेखा देवी की हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद उसने घर में ताला लगाया और चाबी ससुर को सौंप दी. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के औरैया में पत्नी की हत्या के बाद पति ने ऐसा कदम उठाया, जिसने पूरे परिवार को हैरान कर दिया. आरोप है कि शराब के नशे में उसने पत्नी रेखा देवी की हत्या की और घर के बाहर ताला लगाकर खेत पर मौजूद अपने ससुर को चाबी थमा दी. इसके बाद उसने कहा, “जाकर देख लो, तुम्हारी बेटी को मार डाला है.” वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया था. पुलिस ने बुधवार को आरोपी प्रमोद कुमार को भदौरा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया.
शराब को लेकर अक्सर होता था विवाद
मामला बेला थाना क्षेत्र के पट्टी ज्ञानी गांव का है. शुक्रवार 4 सितंबर की दोपहर करीब तीन बजे 35 वर्षीय रेखा देवी की हत्या की वारदात हुई. रेखा के पिता तेजराम के अनुसार, प्रमोद कुमार शराब पीने का आदी था. शराब पीने के लिए रुपये मांगने पर रेखा विरोध करती थीं, जिसे लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था. तेजराम का कहना है कि प्रमोद कई बार रेखा के साथ मारपीट भी करता था. परिवार की ओर से उसे कई बार समझाया गया, लेकिन उसकी आदत में सुधार नहीं हुआ.
विवाद के बाद पत्नी की हत्या का आरोप
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि इसी दौरान प्रमोद ने रेखा की हत्या कर दी. रेखा और प्रमोद के तीन बच्चे हैं- 11 वर्षीय युवांश, छह वर्षीय सत्यम और चार वर्षीय अंकित. घटना के समय दो बच्चे गांव में अपनी बुआ के घर गए हुए थे, जबकि एक बेटा घर के बाहर खेल रहा था. वारदात के बाद प्रमोद बाइक से वहां से निकल गया.
ससुर को थमाई घर की चाबी
बताया गया कि घर से निकलने से पहले प्रमोद ने बाहरी गेट पर ताला लगा दिया था. इसके बाद वह खेत पर मौजूद अपने ससुर तेजराम के पास पहुंचा और उन्हें घर की चाबी देते हुए कहा, “जाकर देख लो, तुम्हारी बेटी को मार डाला है.” यह सुनकर परिवार में हड़कंप मच गया. ससुर के घर पहुंचने पर रेखा मृत मिलीं. सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
भदौरा मोड़ से आरोपी गिरफ्तार
रेखा देवी कन्नौज जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के अचनकापुर गांव की रहने वाली थीं. रिपोर्ट के मुताबिक, वह पति के स्वजन के साथ नहीं रहती थीं और प्रमोद अपना घर छोड़कर ससुराल में रह रहा था. घटना के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी. बुधवार को पुलिस ने प्रमोद कुमार को भदौरा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया. हत्याकांड के संबंध में पुलिस ककोर स्थित जिला मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी देने वाली थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए