विदेश में नौकरी का सपना दिखाकर 2.21 लाख ठगे,लीबिया-जॉर्डन का फर्जी वीजा देकर भेजा एयरपोर्ट

Updated:
विज्ञापन

फर्जी वीजा देकर ठगी, आरोपी गिरफ्तार ( AI )

UP News: विदेश में अच्छी नौकरी का सपना एक युवक के लिए महंगा पड़ गया. झांसे में आकर उसने 2.21 लाख रुपये गंवा दिए. आरोपी ने लीबिया और जॉर्डन भेजने के नाम पर फर्जी वीजा और एयर टिकट थमा दिया, जिसका खुलासा दिल्ली एयरपोर्ट पर हुआ.

विज्ञापन

UP News: विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर सिद्धार्थनगर के एक युवक से 2.21 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोपी ने लीबिया और जॉर्डन में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर रकम ली और बाद में फर्जी वीजा व एयर टिकट थमा दिया. दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर दस्तावेज फर्जी होने का खुलासा हुआ. शिकायत के बाद शाहपुर पुलिस , ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

विदेश में नौकरी का दिया झांसा

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के सिवान जिले के ताड़ी बाजार, हरनाथपुर निवासी धनंजय सिंह के रूप में हुई है. उसका दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र के मंगोलपुरी में भी ठिकाना था. आरोप है कि वह दिल्ली में नौकरी की तलाश कर रहे युवकों को विदेश भेजने और अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देता था. सिद्धार्थनगर निवासी रविशंकर मिश्रा की मुलाकात गोरखपुर आने के दौरान एक परिचित के माध्यम से धनंजय से हुई थी.

2.21 लाख रुपये लेने के बाद करता रहा टालमटोल

रविशंकर के मुताबिक, धनंजय ने उसे विदेश में अच्छे पैकेज पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया. उसके झांसे में आकर रविशंकर ने आरोपी को 2.21 लाख रुपये दे दिए. रकम लेने के बाद धनंजय कई दिनों तक नौकरी लगवाने के नाम पर उसे टालता रहा. जब रविशंकर ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने उसे बुलाकर लीबिया-जॉर्डन का फर्जी वीजा और एयर टिकट दे दिया.

दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर खुला फर्जीवाड़ा

रविशंकर जब दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा तो जांच के दौरान उसे वीजा और टिकट के फर्जी होने की जानकारी हुई. इसके बाद उसने धनंजय से अपने रुपये वापस मांगे. आरोप है कि इस पर आरोपी ने उसके साथ गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी. पीड़ित के अनुसार, आरोपी के घर जाने पर उसके साथ मारपीट भी की गई.

शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तार

मामले में रविशंकर मिश्रा ने 28 फरवरी को शाहपुर थाने में धनंजय के खिलाफ तहरीर दी थी. पुलिस ने जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की और मंगलवार को शाहपुर क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. सीओ कैंट रवि सिंह ने बताया कि एक शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है. यदि अन्य पीड़ित भी शिकायत करते हैं तो उनकी शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: चंदौली से अमन खोलता था बैंक खाते, सोनू तक पहुंचाता था दस्तावेज, 16 राज्यों में फैला साइबर ठगी का जाल


विज्ञापन
अंजली कश्यप

लेखक के बारे में

By अंजली कश्यप

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola