गोंडा में भड़काऊ पोस्ट पर बवाल: व्यापारी विनोद साहनी की हत्या, 10 पर FIR, तीन आरोपी पुलिस गिरफ्त में
कैबिनेट मंत्री का लखनऊ में धरना, पुलिस महकमे में हड़कंप
Gonda Murder Case: गोंडा के परसपुर में सोशल मीडिया पर हुई विवादित टिप्पणी के बाद बर्तन व्यापारी विनोद साहनी की नृशंस हत्या कर दी गई. घटना के विरोध में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद धरने पर बैठे, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया.
Gonda Murder Case: सोशल मीडिया पर विवादित टिप्पणी को लेकर गोंडा जिले के परसपुर इलाके में बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी की नृशंस हत्या कर दी गई. व्यापारी दुकान बंद कर अपने घर लौट रहा था, तभी दबंगों ने अचानक घेरकर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य फरार अपराधियों की तलाश लगातार जारी है.
कैबिनेट मंत्री का लखनऊ में धरना, पुलिस महकमे में हड़कंप
घटना के विरोध में परिजनों और समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिला. न्याय की मांग को लेकर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद लखनऊ में अचानक धरने पर बैठ गए. मंत्री के कड़े रुख के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया. मामले में लापरवाही बरतने और समय पर शिकायत न सुनने के आरोप में परसपुर थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी तथा बीट आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. उच्च अधिकारियों ने पूरे मामले की विभागीय जांच कराने के भी स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं.
दुकान से घर लौटते वक्त घेराबंदी, धारदार हथियारों से हमला
शाहपुर बाजार में बर्तन की दुकान चलाने वाले विनोद बुधवार रात करीब आठ बजे बाइक से घर लौट रहे थे. रास्ते में चार बाइकों पर सवार लगभग दस नकाबपोश बदमाशों ने अचानक उन्हें रोक लिया. दबंगों ने कांता और भाले से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े. हमलावर उन्हें मृत मानकर मौके से भाग निकले. परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार
अस्पताल में सांसें टूटने से पहले पीड़ित विनोद ने अपने तीन हमलावरों के नाम बता दिए थे. पुलिस ने पूर्व में दर्ज जानलेवा हमले की प्राथमिकी में अब हत्या की धारा जोड़ ली है. गोंडा एसपी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शुभम, सुभाष और अंतिम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. घटना में शामिल अन्य अज्ञात आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमों का गठन किया गया है.
Must Read: उत्तर प्रदेश का नया दौर: आठ स्टार्टअप ने हासिल किया यूनिकॉर्न का दर्जा, एक और कंपनी रेस में शामिल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए