हॉकी के मैदान से मौत के रहस्य तक, गोंडा में 19 साल के विवेक की जान गई, कुत्ते के पट्टे से मिला शव, फॉर्मेट मोबाइल ने बढ़ाए सवाल
कुत्ते के पट्टे से लटका मिला शव
UP Crime News: गोंडा में 19 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी विवेक गुप्ता की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है. घर में कुत्ते के पट्टे से लटका मिला शव और घटना से पहले मोबाइल का फॉर्मेट किया जाना कई सवाल खड़े कर रहा है.
UP Crime News: गोंडा के नगर कोतवाली क्षेत्र में 19 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी विवेक गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया. बहराइच रोड स्थित घर में विवेक का शव पिछले दरवाजे की ग्रिल से लटका मिला. परिजनों की नजर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की.
कई जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में खेल चुका था विवेक
विवेक गुप्ता किराना कारोबारी कैलाश चंद के 19 वर्षीय बेटे थे. वह हॉकी के होनहार खिलाड़ी बताए जा रहे हैं और कई जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके थे. परिवार और परिचितों के बीच उनकी पहचान एक युवा खिलाड़ी के तौर पर थी. ऐसे में उनकी अचानक मौत से आसपास के लोग भी हैरान हैं. फिलहाल घटना के पीछे की वजह सामने नहीं आई है.
कुत्ते के पट्टे से लटका मिला शव
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक विवेक का शव मकान के पिछले दरवाजे की ग्रिल से कुत्ते के पट्टे के सहारे लटका मिला. सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
घटना से पहले मोबाइल हुआ था फॉर्मेट
मामले में सबसे ज्यादा सवाल विवेक के मोबाइल फोन को लेकर उठ रहे हैं. पुलिस ने जांच के दौरान उनका मोबाइल कब्जे में लिया है. बताया जा रहा है कि घटना से पहले मोबाइल फोन को लगभग पूरी तरह फॉर्मेट कर दिया गया था. अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फोन से डेटा क्यों हटाया गया और उसमें पहले क्या जानकारी मौजूद थी.
मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
सीओ सिटी योगेश्वर सिंह के अनुसार शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विवेक ने ऐसा कदम क्यों उठाया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल समेत अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
यह भी देखें: पहले पेट से सटाकर मारी गोली, फिर खुद थाने पहुंचा आरोपी, बिजनौर में सरकारी शिक्षक नौशाद की हत्या से हड़कंप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए