गाजियाबाद में खौफनाक बदला: एक थप्पड़ की रंजिश में 15 वर्षीय किशोरी को चौथी मंजिल से दिया धक्का, कई हफ्तों से कर रहा था पीछा

सांकेतिक तस्वीर
UP Crime: गाजियाबाद में एक 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. प्रारंभिक जांच और परिजनों के आरोपों के आधार पर हत्या की धाराएं जोड़ी गई हैं और एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. यह घटना इलाके में आक्रोश का माहौल पैदा कर रही है.
UP Crime: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में 30 वर्षीय आरोपी शहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक जांच और परिजनों के आरोपों के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं. इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है.
दूध लेने गई थी किशोरी, रास्ते में आरोपी ने रोका
जानकारी के मुताबिक, घटना 15 जुलाई की रात करीब 10 बजे की है. मृतका की मां मंजू का आरोप है कि उनकी बेटी खुशी घर से पास की दुकान पर दूध लेने गई थी. इसी दौरान आरोपी शहनवाज उसे जबरन अपने साथ ले गया. परिजनों का आरोप है कि आरोपी किशोरी को एक इमारत की चौथी मंजिल पर ले गया और वहां से नीचे धक्का दे दिया. गंभीर रूप से घायल किशोरी की मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था.
कई हफ्तों से कर रहा था पीछा, रंजिश का आरोप
मृतका के परिवार का कहना है कि यह घटना अचानक नहीं हुई, बल्कि आरोपी काफी समय से किशोरी को परेशान कर रहा था. मां मंजू के मुताबिक, शहनवाज पिछले कई सप्ताह से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था और उसे परेशान करने की कोशिश करता था. परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले इसी बात को लेकर आरोपी और खुशी के बीच विवाद भी हुआ था. इस दौरान किशोरी ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया था. परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते शहनवाज ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस ने हत्या की धाराएं जोड़ीं, जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आए तथ्यों और परिजनों के आरोपों के आधार पर एफआईआर में हत्या की धाराएं बढ़ाई गई हैं. आरोपी शहनवाज को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.
घटना से इलाके में सनसनी
नाबालिग किशोरी की मौत की इस घटना ने गाजियाबाद में सनसनी फैला दी है. परिजन आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं, पुलिस का कहना है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: खंडहरों में छिपा है 1000 साल पुराना राज. गोमती किनारे की यह इमारत क्यों कहलाती है 'प्राचीन बंदरगाह?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Tilak Kumar
तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










