वर्दी का सपना रह गया अधूरा, पुलिस लाइन में दौड़ते-दौड़ते 23 वर्षीय युवक की मौत, जाने पूरी खबर

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

होमगार्ड भर्ती की तैयारी कर रहे 23 वर्षीय शिवम की पुलिस लाइन में दौड़ते समय अचानक मौत हो गई. उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. परिवार ने पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया है.

विज्ञापन

Home Guard Physical Test : वर्दी पहनने का सपना लेकर मेहनत कर रहे एटा के 23 वर्षीय युवक की जिंदगी पुलिस लाइन में दौड़ के दौरान अचानक थम गयी. होमगार्ड भर्ती में चयन के बाद फिजिकल परीक्षा की तैयारी कर रहा शिवम शुक्रवार सुबह पुलिस लाइन में दौड़ लगा रहा था. इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिर पड़ा. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उसे आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

विज्ञापन

रोजाना की तरह दौड़ लगाने पहुंचा था शिवम

कोतवाली नगर क्षेत्र के रेवाड़ी मोहल्ला निवासी शिवम होमगार्ड भर्ती में नंबर आने के बाद फिजिकल परीक्षा की तैयारी कर रहा था. बताया गया कि वह रोजाना सुबह दौड़ और अन्य शारीरिक अभ्यास करता था. शुक्रवार को भी वह करीब 6:30 बजे पुलिस लाइन पहुंचा और दौड़ लगाने लगा. दौड़ते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गयी. इससे पहले कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, शिवम जमीन पर गिर पड़ा.

पुलिसकर्मी तुरंत लेकर पहुंचे अस्पताल

शिवम को गिरता देख पुलिस लाइन में मौजूद पुलिसकर्मी तत्काल उसकी मदद के लिए पहुंचे. उसकी हालत को देखते हुए उसे बिना देर किये मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने उसकी जांच की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. डॉक्टरों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया.

मौत की खबर मिलते ही परिवार में मचा कोहराम

23 वर्षीय शिवम की अचानक मौत की खबर जैसे ही उसके परिजनों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गयी. जिस नौकरी और वर्दी के लिए वह लगातार मेहनत कर रहा था, उसका सपना पूरा होने से पहले ही उसकी जिंदगी खत्म हो गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं.

पोस्टमार्टम से परिजनों ने किया इनकार

शिवम की मौत के बाद पुलिस की ओर से शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया की गयी, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. इसके बाद वे शव को अपने साथ घर ले गये. पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण युवक की अचानक मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि दौड़ के दौरान उसकी तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी.

Also Read : वाराणसी में गंगा का जलस्तर घटा, लेकिन खतरे का साया बरकरार, नौका संचालन अब भी बंद

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola