"सरकारी नौकरी नहीं लगी तो..." मंगेतर की डिमांड और तानों से तंग आकर लखीमपुर NEET छात्र ने दी जान? सुसाइड नोट से खुले राज
22 वर्षीय NEET छात्र अमन
NEET Students Suicide: लखीमपुर-खीरी में 22 वर्षीय NEET छात्र अमन की आत्महत्या के बाद मिले सुसाइड नोट ने सनसनी फैला दी है. नोट में उसने अपनी मौत के लिए मंगेतर के परिवार को जिम्मेदार ठहराया है. मामले की जांच जारी है.
NEET Students Suicide: लखीमपुर-खीरी में 22 वर्षीय NEET छात्र अमन की मौत के बाद उसकी ओर से छोड़े गए कथित सुसाइड नोट को लेकर मामला गंभीर हो गया है. शास्त्रीनगर मोहल्ले में किराए के कमरे में रहने वाले अमन ने 2 सितंबर की शाम आत्महत्या कर ली थी. अगले दिन कमरे से मिले नोट में लिखा था- ‘मेरे मरने की वजह रुपाली की फैमिली होगी.’ इसके बाद मृतक के पिता की तहरीर पर उसकी मंगेतर रुपाली समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.
तीन साल से चल रही थी शादी की बात
अमन के पिता अनिल गुप्ता के मुताबिक, बेटे की शादी लखीमपुर के नौरंगाबाद निवासी रुपाली से तय थी. दोनों परिवारों में करीब तीन साल से रिश्ते की बात चल रही थी. रुपाली के पिता रामू गुप्ता की करीब एक साल पहले मौत हो चुकी है. परिवार में उनकी पत्नी सुनीता, बेटा सूरज और बेटी शालू हैं. अमन के पिता का आरोप है कि रुपाली की बहन शालू और जीजा ऋषि गुप्ता इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे और वे अमन पर सरकारी नौकरी लगने का दबाव बना रहे थे. उनका कहना है कि इसी वजह से अमन मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था.
फोन नहीं उठाने पर मकान मालिक ने देखा कमरा
2 सितंबर को अमन की मां ने उसे फोन किया, लेकिन कई बार कोशिश के बाद भी बात नहीं हो सकी. इसके बाद पिता ने मकान मालिक से कमरे की जानकारी लेने को कहा. मकान मालिक ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. खिड़की से देखने पर अमन कमरे में फंदे से लटका मिला. सूचना मिलने पर परिवार और पुलिस मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ अमन का मोबाइल कब्जे में लिया और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
किताब के नीचे मिला सुसाइड नोट, 4 पर केस
घटना के अगले दिन गुरुवार को अमन के पिता उसका सामान लेने कमरे पर पहुंचे. इसी दौरान एक किताब के नीचे से उन्हें कथित सुसाइड नोट मिला. इसमें अमन ने अपनी मौत के लिए रुपाली की फैमिली को जिम्मेदार बताया था. इसके बाद पिता की तहरीर पर रुपाली, उसके जीजा ऋषि गुप्ता, बहन शालू और मां सुनीता देवी के खिलाफ FIR दर्ज की गई. पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
घटना से पहले रुपाली से मिलने की हुई थी बात
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि घटना वाले दिन रुपाली ने अपने जीजा ऋषि को व्हाट्सऐप पर बताया था कि अमन उसे मिलने के लिए बुला रहा है. रुपाली ने स्कूटी नहीं होने की वजह से उससे मिलने से इनकार कर दिया था. वहीं अमन की बहन वर्षा का कहना है कि दोनों की शादी तय थी और परिवार ने करीब डेढ़ साल बाद शादी करने का फैसला किया था. उनका दावा है कि इसी महीने अमन की नौकरी लगने वाली थी और इसके लिए दस्तावेज भी जमा हो चुके थे. नौकरी की जानकारी रुपाली को देने के बाद दोनों के बीच मैसेज पर विवाद हुआ था. परिवार का आरोप है कि इसके बाद अमन मानसिक रूप से परेशान रहने लगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए