सीएम योगी ने बांदा को दी 701 करोड़ की सौगात, बोले- बुंदेलखंड को बनाएंगे धरती का स्वर्ग

Updated:
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांदा दौरे पर 701 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को विकास, निवेश और रोजगार का मजबूत केंद्र बनाया जा रहा है. इस दौरान सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता भी वितरित की गई.

विज्ञापन

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा दौरे के दौरान करीब 701 करोड़ रुपये की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को विकास, निवेश और रोजगार का मजबूत केंद्र बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र, स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा कार्ड, चेक, आवास की चाबियां और टूलकिट भी वितरित किए.

बुंदेलखंड बदल रहा है, बोले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी पलायन, पानी की कमी और डकैतों की समस्या से जूझने वाला बुंदेलखंड आज तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव आया है. उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं ने क्षेत्र की तस्वीर बदलने का काम किया है.

'शजर' पत्थर को मिली नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बांदा का प्रसिद्ध शजर पत्थर 'एक जिला-एक उत्पाद' (ODOP) योजना के माध्यम से नई पहचान बना रहा है. इससे स्थानीय कारीगरों और व्यापारियों को भी लाभ मिल रहा है.

बीडा से मिलेगा औद्योगिक विकास को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (BIDA) क्षेत्र में उद्योगों और निवेश को बढ़ावा देगा. इसके माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर संभावनाएं मिलेंगी.

विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2017 के बाद सरकार ने अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाकर करीब 64 हजार एकड़ सरकारी जमीन मुक्त कराई, जिसका उपयोग अब विकास कार्यों और निवेश के लिए किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में युवाओं को रोजगार देने के बजाय अपराध की ओर धकेला गया, जबकि वर्तमान सरकार उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है.

विरासत और विकास दोनों पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण पर भी समान रूप से कार्य कर रही है. उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, मां विंध्यवासिनी धाम और चित्रकूट में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सांस्कृतिक धरोहरों को नई पहचान दी जा रही है. उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत भगवान श्रीराम, हनुमान जी, कामतानाथ, मंदाकिनी, माता अनुसूया, महर्षि वाल्मीकि और बांके बिहारी को नमन करते हुए की. बांदा पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने कालू कुआं चौराहे पर वीरांगना रानी अवंती बाई की प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की. इस दौरान जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.

कांग्रेस ने किया विरोध

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज मैदान के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली झंडियां दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया. पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया.

इन प्रमुख परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, उनमें झांसी-मानिकपुर रेलखंड पर चार लेन पुल का निर्माण, बड़ोखर खुर्द सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पब्लिक हेल्थ यूनिट, नवाब टैंक का पर्यटन विकास, म्यूजिकल फाउंटेन एवं बोटिंग सुविधा, आईटीआई बांदा में नए कक्षों का निर्माण, बहराइच-बांदा मार्ग पर लघु सेतु का चौड़ीकरण तथा कान्हा गोशाला का निर्माण शामिल है.

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और भ्रमण मार्ग पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई. पुलिस, पीएसी और खुफिया एजेंसियों के साथ ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई. यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन भी लागू किया गया. मुख्यमंत्री बुधवार रात चित्रकूट में प्रवास के बाद गुरुवार सुबह कामदगिरि की परिक्रमा और मंदिर दर्शन कर हेलीकॉप्टर से बांदा पहुंचे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह राजकीय हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो गए.

-कोमल अग्रवाल की रिपोर्ट

Read Also- ललिता हत्याकांड बाहरी लोग शस्त्र लाइसेंस और लालच का खुलासा


विज्ञापन
राधेश्याम कुशवाहा

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola