बदायूं में ओवरलोडिंग बना काल: तेज रफ्तार डंपर ने टेंपो को पीछे से रौंदा, 3 की मौत, 12 से ज्यादा घायल
संकेतिक तस्वीर (AI जनरेटेड)
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें तेज रफ्तार डंपर ने यात्रियों से भरे टेंपो को पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में 3 लोगों की जान चली गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
UP Road Accident: यूपी के बदायूं जिले से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. उघैती थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर खितौरा के गोदी नगला के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने यात्रियों से भरे टेंपो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई. इस हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं.
क्षमता से डबल सवारी भरकर दौड़ रहा था टेंपो
जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार हुए टेंपो में करीब 16 लोग सवार थे, जबकि उसकी क्षमता 7-8 सवारी की ही है. पुलिस और प्रशासन की अनदेखी के चलते बदायूं-सहसवान रोड पर ओवरलोड टेंपो-ई-रिक्शा धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं और यही ओवरलोडिंग आज 3 जिंदगियों पर भारी पड़ गई. टक्कर के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. लोगों ने ही घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने डंपर को कब्जे में लिया, घायल अस्पतालों में भर्ती
सूचना मिलते ही उघैती पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने आरोपी डंपर को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है. सभी घायलों को एंबुलेंस से बिल्सी सरकारी अस्पताल और सहसवान के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है.
हादसे में जान गंवाने वाले मृतक -
- रूपवती - पत्नी पप्पू, निवासी गाजीपुर वसुंधरा एंक्लेव, मयूर विहार फेस-3, पूर्वी दिल्ली
- ओमकार (47 वर्ष) - पुत्र रामचरण, निवासी थाना उघैती, बदायूं
- शांति (45 वर्ष) - पत्नी ओमकार
घायलों की सूची
घायलों में परवीन (25) पुत्री अकबर, साईदन (50) पत्नी अकबर, आबिद पुत्र खुर्शीद खान, अयान (5) पुत्र सानू (चारों निवासी ग्राम शहबाजपुर, थाना सहसवान), संजीता पत्नी कल्लू निवासी शहबाजपुर, मोहरकली (30) पुत्री जगदीश निवासी ग्राम कुदई, थाना जरीफनगर और नजमा पत्नी गुलशेर निवासी मजाहबाग, थाना सहसवान सहित 12 से अधिक लोग शामिल हैं. -पवन तोमर की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए