आधी रात चलती ट्रेन से कूदा POCSO आरोपी, पुलिस देखती रह गई, चकमा देकर भागा, 3 पुलिसकर्मियों पर केस
आधी रात चलती ट्रेन से कूदा POCSO आरोपी
आगरा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पुलिस अभिरक्षा में मीरजापुर ले जाया जा रहा POCSO एक्ट का आरोपी ट्रेन से कूदकर फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
UP News: आगरा में पुलिस अभिरक्षा में मीरजापुर ले जाया जा रहा POCSO एक्ट का आरोपी सूरज कुमार पांडेय चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया. आरोपी को गुजरात के सूरत से नाबालिग पीड़िता के साथ बरामद किया गया था और पुलिस टीम दोनों को मीरजापुर लेकर लौट रही थी. इसी दौरान आगरा में शृंगारपुर और किरावली रेलवे स्टेशन के बीच रात करीब 12:30 बजे आरोपी ट्रेन से कूद गया और मौके से फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
सूरत पुलिस की मदद से हुई थी आरोपी और नाबालिग की बरामदगी
मीरजापुर के थाना पड़री में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान आरोपी सूरज कुमार पांडेय की तलाश की जा रही थी. इसी सिलसिले में उपनिरीक्षक विजय शंकर यादव, हेड कांस्टेबल गीता और कांस्टेबल नीरज कुमार 2 सितंबर को सूरत के उमरा थाना पहुंचे थे. सूरत पुलिस की मदद से नाबालिग पीड़िता और आरोपी सूरज कुमार पांडेय को बरामद किया गया. इसके बाद पुलिस टीम दोनों को लेकर 4 सितंबर को उधना स्टेशन से मधुबनी एक्सप्रेस के जरिए मीरजापुर के लिए रवाना हुई.
शृंगारपुर-किरावली के बीच चलती ट्रेन से कूदा आरोपी
पुलिस के मुताबिक, मधुबनी एक्सप्रेस जब आगरा में शृंगारपुर और किरावली रेलवे स्टेशनों के बीच पहुंची, तभी रात करीब 12:30 बजे आरोपी सूरज कुमार पांडेय पुलिस को चकमा देकर चलती ट्रेन से कूद गया. आरोपी के फरार होने के बाद उपनिरीक्षक विजय शंकर यादव ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद आरोपी की तलाश में पुलिस की ओर से छापेमारी की जा रही है.
लापरवाही पर तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस
आरोपी के फरार होने के मामले में पुलिस अभिरक्षा में तैनात तीन पुलिसकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगा है. मामले में उपनिरीक्षक विजय शंकर यादव, हेड कांस्टेबल गीता और कांस्टेबल नीरज कुमार को नामजद किया गया है. आगरा जीआरपी थाना फोर्ट में आरोपी के फरार होने और पुलिसकर्मियों की लापरवाही के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है. वहीं, नाबालिग पीड़िता को लेकर नीरज कुमार और महिला कांस्टेबल गीता 5 सितंबर को थाना पड़री पहुंच गए थे. फरार आरोपी सूरज कुमार पांडेय मीरजापुर में दर्ज मुकदमे में पहले से तलाशा जा रहा था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए