राम मंदिर CEO के लिए इंटरव्यू पूरे, 5585 आवेदनों में 3 उम्मीदवार शॉर्टलिस्टेड, ट्रस्ट लेगा अंतिम फैसला

Updated:
विज्ञापन

अयोध्या राम मंदिर

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के पहले पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में है. 5585 आवेदनों में से 16 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करने के बाद, अब तीन सबसे योग्य नामों का पैनल तैयार किया गया है.

विज्ञापन

UP News : श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के पहले पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है. CEO पद के लिए 11 और 12 अगस्त को राम जन्मभूमि परिसर में अंतिम चरण के साक्षात्कार पूरे हो गए. अब सर्च कमेटी तीन योग्य उम्मीदवारों के नाम का पैनल तैयार कर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपेगी. इसके बाद ट्रस्ट इनमें से एक नाम पर अंतिम मुहर लगाएगा.

5585 आवेदनों से 16 उम्मीदवारों तक पहुंची चयन प्रक्रिया

राम मंदिर CEO के पद के लिए देशभर से कुल 5,585 आवेदन मिले थे. इनमें से 3,877 उम्मीदवारों ने विस्तृत बायोडाटा जमा किया. इसके बाद 1,580 आवेदनों का गहन मूल्यांकन किया गया और करीब 111 उम्मीदवारों का ऑनलाइन साक्षात्कार लिया गया. ऑनलाइन प्रक्रिया के बाद अंतिम चरण के लिए केवल 16 उम्मीदवारों का चयन किया गया. इन सभी को आमने-सामने साक्षात्कार के लिए अयोध्या बुलाया गया. यानी कुल आवेदनों में से 0.3 प्रतिशत से भी कम उम्मीदवार अंतिम दौर तक पहुंच सके.

सेना से लेकर प्रशासन तक, अनुभवी उम्मीदवार दौड़ में

अंतिम चरण में पहुंचे उम्मीदवारों में सेना के पूर्व अधिकारी, सेवानिवृत्त आईएएस और आईपीएस अधिकारी तथा सरकारी और गैर-सरकारी क्षेत्रों में लंबे अनुभव वाले पेशेवर शामिल हैं. इन सभी की उम्र 50 से 70 वर्ष के बीच बताई गई है. सर्च कमेटी ने उम्मीदवारों की नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता, रणनीतिक सोच, तकनीकी समझ और संस्थागत दृष्टिकोण का मूल्यांकन किया.

तीन सदस्यीय सर्च कमेटी ने लिया इंटरव्यू

CEO चयन के लिए गठित सर्च कमेटी में न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) वीके चतुर्वेदी और परमाणु वैज्ञानिक डॉ. सुरेश हावरे शामिल हैं. रक्षा, न्यायपालिका और प्रशासन से जुड़े अनुभवी सदस्यों ने उम्मीदवारों की योग्यता और व्यक्तित्व को अलग-अलग स्तरों पर परखा. कमेटी अब सभी उम्मीदवारों के प्रदर्शन का अंतिम मूल्यांकन करेगी और तीन नामों का पैनल ट्रस्ट को सौंपेगी.

पांच लाख श्रद्धालु एक दिन में आए तो क्या करेंगे?

इंटरव्यू में उम्मीदवारों से सिर्फ प्रशासनिक अनुभव और शैक्षिक योग्यता से जुड़े सवाल नहीं पूछे गए. मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर भी उनकी सोच परखी गई. उम्मीदवारों से पूछा गया कि अगर एक दिन में पांच लाख श्रद्धालु राम मंदिर पहुंच जाएं, तो ऐसी स्थिति में भीड़ को कैसे नियंत्रित किया जाएगा? दर्शन व्यवस्था को बेहतर बनाने और सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का संतुलन कायम रखने के लिए उनकी क्या रणनीति होगी, इस पर भी सवाल किए गए.

आस्था से लेकर व्यक्तिगत जीवनशैली तक पूछे गए सवाल

साक्षात्कार के दौरान उम्मीदवारों की धार्मिक आस्था और मंदिर से जुड़ी समझ को भी परखा गया. उनसे उनकी आस्था, धार्मिक और सामाजिक संगठनों से जुड़ाव तथा व्यक्तिगत जीवनशैली से जुड़े सवाल पूछे गए. इसके अलावा राम मंदिर की मौजूदा व्यवस्थाओं, भविष्य की चुनौतियों और मंदिर के विकास को लेकर उम्मीदवारों का विजन भी जाना गया. उनसे यह भी पूछा गया कि CEO के तौर पर वे अपनी कार्ययोजना किस तरह तैयार करेंगे.

आपात स्थिति में फैसले की क्षमता भी परखी

CEO पद के उम्मीदवारों से यह भी जानने की कोशिश की गई कि आपात स्थिति में वे कितनी तेजी से निर्णय ले सकते हैं. सरकारी एजेंसियों, सुरक्षा बलों और मंदिर प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय कैसे स्थापित किया जाएगा, इस पर भी उनकी राय ली गई. सर्च कमेटी के सामने चुनौती ऐसे व्यक्ति के चयन की है, जो मंदिर की बढ़ती व्यवस्थाओं के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, प्रशासन और भविष्य की योजनाओं को प्रभावी तरीके से संभाल सके.

अब ट्रस्ट करेगा अंतिम फैसला

तीन चरणों की लंबी चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सर्च कमेटी तीन नामों का पैनल तैयार करेगी. यह पैनल श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपा जाएगा. इसके बाद ट्रस्ट अंतिम उम्मीदवार का चयन करेगा और राम मंदिर के पहले पूर्णकालिक CEO के नाम की घोषणा की जाएगी.

तीन चरणों में हुई चयन प्रक्रिया एक नजर में

  • पहले चरण में 5,585 आवेदन प्राप्त हुए.
  • 3,877 उम्मीदवारों ने विस्तृत बायोडाटा जमा किया.
  • 1,580 आवेदनों का गहन मूल्यांकन किया गया.
  • करीब 111 उम्मीदवारों का ऑनलाइन साक्षात्कार हुआ.
  • अंतिम चरण के लिए 16 उम्मीदवारों को अयोध्या बुलाया गया.
  • अब सर्च कमेटी तीन नामों का पैनल ट्रस्ट को सौंपेगी.
  • अंतिम नाम पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट मुहर लगाएगा.

Also Read : यूपी में अनाथ कोटे से MBBS सीट दिलाने के नाम पर 35 लाख की ठगी, 10 लोगों पर मुकदमा दर्ज


विज्ञापन
रवि रंजन कुमार

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola