रिटायर्ड IPS, डॉक्टर और टीचर बने छठी के 'बच्चे', यूनिफॉर्म पहनकर पहुंचे स्कूल, 50 साल पुरानी दोस्ती ने फिर लौटाया बचपन
रिटायर्ड IPS, डॉक्टर और टीचर बने छठी के 'बच्चे' (फोटो-सोशल मीडिया)
UP News: 60 की उम्र पार कर चुके रिटायर्ड IPS, डॉक्टर और टीचर अपनी स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर कॉलेज पहुंचे. 50 साल पुरानी दोस्ती और बचपन की यादें ताज़ा कीं. 1971 बैच के दोस्तों का खास मिलन.
UP News: उम्र 60 के पार, लेकिन चेहरे पर वही बचपन वाली शरारत और दोस्तों के साथ मस्ती का वही अंदाज. आगरा में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब करीब 30 पुराने सहपाठी अपनी स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर उसी स्कूल पहुंच गए, जहां उन्होंने जिंदगी के शुरुआती साल बिताए थे. इनमें रिटायर्ड IPS अधिकारी से लेकर डॉक्टर, शिक्षक और अकाउंटेंट तक शामिल रहे.
सफेद कमीज, काली पैंट और गले में पानी की बोतल
आगरा के गवर्नमेंट इंटर कॉलेज में 60 से 65 साल की उम्र के पुराने दोस्त बिल्कुल छठी कक्षा के बच्चों की तरह नजर आए. किसी ने स्कूल के गेट से दौड़ते हुए एंट्री की, तो कोई दोस्तों के साथ हंसी-मजाक करते हुए क्लासरूम तक पहुंचा. सफेद कमीज, काली पैंट और गले में पानी की बोतल ने सभी को उनके छात्र जीवन की याद दिला दी. क्लास में पहुंचकर दोस्तों ने बेंच पर बैठकर पुरानी यादें ताजा कीं. इसके बाद स्कूल के मैदान में पिठ्ठू यानी सात पत्थरों का खेल और गिल्ली-डंडा भी खेला.
रिटायर्ड IPS से डॉक्टर-टीचर तक, अलग-अलग मुकाम पर पहुंचे दोस्त
इस खास मिलन में शामिल करीब 30 दोस्त आज जिंदगी के अलग-अलग मुकाम पर हैं. किसी ने पुलिस सेवा में काम किया, कोई डॉक्टर बना तो कोई शिक्षक और अकाउंटेंट के रूप में आगे बढ़ा. हालांकि, दशकों बाद भी स्कूल के दिनों की दोस्ती कायम रही. रिपोर्ट के मुताबिक, इन दोस्तों का व्हाट्सऐप ग्रुप करीब 10 साल पहले बनाया गया था. इसी ग्रुप के जरिए पुराने सहपाठी दोबारा जुड़े और फिर स्कूल के दिनों की यादों को कैमरे में कैद करने का विचार आया.
1971 में छठी में लिया था दाखिला
राकेश नागर के मुताबिक, उन्होंने इसी स्कूल में वर्ष 1971 में छठी कक्षा में दाखिला लिया था और 1976 में दसवीं पास की. स्कूल के दिनों में वह मंचीय अभिनय और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेते थे. बाद में दोस्तों की जिंदगी अलग-अलग दिशाओं में आगे बढ़ी, लेकिन आपसी जुड़ाव बना रहा.
2019 में बना था वीडियो, अब सोशल मीडिया पर छाया
इस पूरी कहानी का वीडियो करीब सात साल पुराना है. दोस्तों ने वर्ष 2019 में अपने यूट्यूब चैनल के लिए इसे शूट किया था. उस समय वीडियो को करीब 1500 व्यू मिले थे. हाल में इसके कुछ हिस्सों को नए वॉइसओवर के साथ इंस्टाग्राम पर दोबारा पोस्ट किया गया. इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से लोगों का ध्यान खींचने लगा.
उम्र बढ़ी, लेकिन दोस्ती आज भी वही
इस मिलन की खासियत सिर्फ स्कूल यूनिफॉर्म पहनना या पुराने खेल खेलना नहीं है. पांच दशक से ज्यादा समय बीतने के बाद भी इन दोस्तों का एक-दूसरे से जुड़ाव कायम है. स्कूल से निकले इन दोस्तों ने जिंदगी में अलग-अलग मुकाम हासिल किए, लेकिन पुरानी दोस्ती के सामने उम्र की दूरी कहीं नजर नहीं आई. कभी जिस स्कूल में ये बच्चे बनकर पढ़ते थे, उसी परिसर में वर्षों बाद फिर बच्चों की तरह खेलते नजर आए. यही वजह है कि सात साल पहले बनाया गया वीडियो अब दोबारा सोशल मीडिया पर लोगों को अपने स्कूल और पुराने दोस्तों की याद दिला रहा है.
यह भी पढ़ें: कानपुर देहात में दो मजदूर जिंदा जले, 30 फीट ऊंची टंकी पर अचानक भड़की आग, नीचे गिरकर गई जान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए