राजस्थान के जयपुर में युवक ने ताई की हथौड़ा मारकर हत्या की, शव के टुकड़े कर जंगल में फेंका

पुलिस अधिकारियों ने 'हरे कृष्णा मूवमेंट' से जुड़े आरोपी अनुज शर्मा से पूछताछ के आधार पर बताया कि अपनी ताई की हत्या के बाद उनके शव के टुकड़े कर ठिकाने लगाने का विचार उसके मन में दिल्ली में हाल ही में हुई एक घटना (श्रद्धा वालकर हत्या) के कारण आया.
जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस का कहना है कि एक युवक ने अपनी ताई के सिर पर हथौड़े से हमला करके उनकी हत्या कर दी. इसके बाद पत्थर काटने वाले कटर से शव के 8-10 टुकड़े करके उन्हें जंगल में अलग-अलग जगह फेंक दिया. फिलहाल, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया गया है और शव के कई टुकड़े पुलिस ने बरामद किए हैं.
पुलिस अधिकारियों ने ‘हरे कृष्णा मूवमेंट’ से जुड़े आरोपी अनुज शर्मा से पूछताछ के आधार पर बताया कि अपनी ताई की हत्या के बाद उनके शव के टुकड़े कर ठिकाने लगाने का विचार उसके मन में दिल्ली में हाल ही में हुई एक घटना (श्रद्धा वालकर हत्या) के कारण आया. युवक का यह भी कहना है कि वह अपनी ताई की टोकाटाकी से परेशान था. हालांकि, मूवमेंट के एक प्रवक्ता के अनुसार, अनुज एक साल से उनकी गतिविधियों में शामिल नहीं था.
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) पारिस देशमुख ने बताया कि जयपुर के विद्याधर नगर थाने में एक महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट 11 दिसंबर को दर्ज हुई थी. युवक अनुज शर्मा उर्फ अचिंत्य गोविंद दास (33) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी ताई सरोज शर्मा (65) दोपहर बाद दो-तीन बजे घर से मंदिर जाने की बात कहकर निकली थीं, जो अभी तक घर वापस नहीं आईं. महिला कैंसर पीड़ित थीं. उन्होंने कहा कि पुलिस को जांच के दौरान परिवादी पर ही शक हुआ. इस पर सरोज शर्मा की पुत्रियों को बुलाकर उसके फ्लैट की गहनता से जांच की गई. मामला संदिग्ध लगने पर अनुज शर्मा की तलाश की गई, तो पता चला कि वह गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद 13 दिसंबर को घर से हरिद्वार और दिल्ली चला गया.
पुलिस को पता चला कि अनुज अपने परिवारजन के साथ दिल्ली से जयपुर आ रहा है. पुलिस ने रूट लोकेशन के आधार पर उसे जयपुर में बीच रास्ते में रोककर पकड़ लिया. पुलिस उपायुक्त के अनुसार अनुज शर्मा से गहनता से पूछताछ करने पर उसने अपनी ताई के सिर पर हथौड़े से वार कर उनकी हत्या करना स्वीकार किया. आरोपी का कहना है कि 11 दिसंबर को दोपहर में ताई ने उसे बाहर जाने से रोका, जिस पर वह तैश में आ गया और उसने उनके सिर पर हथौड़ा मार दिया.
Also Read: Shraddha Murder Case: क्या पैसों के लिए आफताब अमीन पूनावाला ने श्रद्धा वालकर को मार डाला ?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने का विचार उसके मन में दिल्ली के श्रद्धा वालकर हत्या कांड के कारण आया. उसने पुलिस से बताया कि वह शव के टुकड़े करने के लिए एक दुकान से पत्थर काटने वाला एक कटर खरीदकर लाया. इसके बाद बाथरूम में शव के कई टुकड़े कर उन्हें सूटकेस और बाल्टियों में भरकर कार से उन्हें दिल्ली रोड पर जंगल में कई स्थानों पर फेंक दिया. पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया. वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा, कटर मशीन, बाल्टी, सूटकेस और अन्य सामान बरामद कर लिए गए हैं और मामले की जांच जारी है. वहीं ‘हरे कृष्णा’ मूवमेंट के एक प्रवक्ता ने कहा कि एक साल से अनुज उनकी गतिविधियों में सक्रिय नहीं था.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




