राउरकेला स्टेशन में ऑटो पार्किंग विवाद का हुआ समाधान, मासिक 720 रुपये शुल्क तय
सुंदरगढ़ ऑटो कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ स्टेशन के ऑटो रिक्शा चालक. | Prabhat Khabar Network
राउरकेला रेलवे स्टेशन पर ऑटो पार्किंग को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद आखिरकार सुलझ गया है. रेलवे अधिकारियों और ऑटो कर्मचारी यूनियन के बीच हुई बैठक में मासिक पार्किंग शुल्क 720 रुपये तय किया गया है. यह नई व्यवस्था 21 सितंबर से लागू होगी, जिससे स्टेशन परिसर में व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद है.
राउरकेला : राउरकेला रेलवे स्टेशन परिसर में ऑटो रिक्शा की पार्किंग के लिए शुल्क लगाये जाने के विवाद का समाधान कर लिया गया है. आटो रिक्शा चालकों के लिए मासिक पार्किंग शुल्क 720 रुपये निर्धारित किया गया है. यह राशि प्रत्येक माह की 10 तारीख से पहले जमा करनी होगी. यह समझौता 21 सितंबर से लागू होगा.
रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक में बनी सहमति
राउरकेला स्टेशन के एसएमआर कक्ष में शुक्रवार को रेलवे अधिकारियों और सुंदरगढ़ ऑटो कर्मचारी यूनियन (सीटू) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई. इसमें सीसीआइ जितेंद्र कुमार प्रधान, एसएमआर लक्ष्मीधर त्रिपाठी और आरपीएफ ओसी अजित कुमार मौजूद थे. यूनियन की ओर से अध्यक्ष विमान मैती, महासचिव अजय शर्मा, संदीप साह, मोहम्मद राजा, सुशांत कुमार पंडा, रितेश साह और राजू साह शामिल हुए. बैठक में तय हुआ कि वैध आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड के सत्यापन के बाद ही ऑटो को निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में खड़ा करने की अनुमति मिलेगी.
ऑटो चालकों से अवैध गतिविधियों से बचने का आह्वान
रेलवे ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पार्किंग क्षेत्र और स्टेशन परिसर में शराब सेवन, धूम्रपान, जुआ, नशीले पदार्थों का उपयोग या कोई भी अवैध गतिविधि नहीं होगी. ऑटो चालकों को स्वच्छता, अनुशासन और उचित आचरण बनाये रखना होगा तथा यात्रियों की आवाजाही और रेलवे संचालन में बाधक बनने से बचना होगा. नियमों का उल्लंघन करने पर रेलवे के नियमों और लागू कानून के तहत कार्रवाई की जायेगी. यूनियन प्रतिनिधियों ने सभी शर्तों का पालन करने और रेलवे प्रशासन को सहयोग देने पर सहमति जतायी.
क्या है मामला
राउरकेला रेलवे स्टेशन की पार्किंग में पिछले पांच दशक से ऑटो चलाकर अपना व परिवार का भरण पोषण करने वाले चालकों से रेलवे की ओर से शुल्क वसूली का फैसला लिया गया था. इसे लेकर ऑटो चालकों में नाराजगी देखी गयी थी. पिछले दिनों स्टेशन मास्टर समेत अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारियों के साथ बैठक के बाद भी ऑटो चालकों की समस्या का समाधान नहीं निकल सका था. शुक्रवार को हुई बैठक में इस विवाद का अंतत: समाधान हो गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए