ओडिशा में अगले तीन साल में 45,000 शिक्षकों की भर्ती होगी : मुख्यमंत्री
शिक्षक को सम्मानित करते मुख्यमंत्री मोहन माझी.
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शिक्षक दिवस पर घोषणा की कि राज्य में अगले तीन वर्षों में शिक्षकों के 45,000 रिक्त पदों को भरा जाएगा।
भुवनेश्वर : मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार अगले तीन वर्षों में राज्य में शिक्षकों के 45 हजार रिक्त पदों को भरेगी. शिक्षक दिवस के अवसर पर कटक स्थित ‘सेकंडरी बोर्ड हाइ स्कूल’ में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए माझी ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक इंसान के निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है.
गुरु-शिष्य परंपरा भारतीय संस्कृति की अनूठी पहचान
पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें याद करते हुए माझी ने कहा कि ‘गुरु-शिष्य’ परंपरा भारतीय संस्कृति की अनूठी पहचान है. उन्होंने कहा कि भगवान राम और भगवान कृष्ण से लेकर सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य तथा हिंदू संत एवं दार्शनिक स्वामी विवेकानंद तक सभी के जीवन को आकार देने में गुरु की भूमिका निर्णायक रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में भी ‘मिसाइल मैन’ एपीजे अब्दुल कलाम जैसी महान हस्ती ने देश के सर्वोच्च पद पर होने के बावजूद सबसे पहले शिक्षक कहलाना सम्मान की बात समझा.
पांच शिक्षकों को किया सम्मानित
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित सेवा तथा विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए अशोक कुमार शतपथी, कुमुदिनी जी, शकुंतला मोहंती, दैतारी साहू और जयंती माझी को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने में इन आदर्श शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
कई गणमान्य हस्तियां कार्यक्रम में रहीं उपस्थित
कार्यक्रम में माहांगा विधायक शारदा प्रसाद प्रधान, कटक सदर विधायक इंजीनियर प्रकाश चंद्र सेठी, चौद्वार-कटक विधायक सौविक विश्वाल, बांकी विधायक देवी रंजन त्रिपाठी, विद्यालय एवं जनशिक्षा विभाग के आयुक्त-सह-शासन सचिव डॉ एन तिरुमाला नायक, कटक जिलाधिकारी दत्तात्रेय भाऊसाहेब शिंदे, माध्यमिक शिक्षा परिषद के अध्यक्ष श्रीकांत तराई, सेकेंडरी बोर्ड स्कूल के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार शतपथी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और पूर्व छात्र उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए