‘आम साथी’ व्हाट्सएप बॉट पर ओडिशा पुलिस की 14 सेवाएं मिलेंगी

Updated:
विज्ञापन

उद्घाटन कार्यक्रम में ओडिशा के पुलिस महानिदेशक विनयतोष मिश्र व अन्य.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

ओडिशा पुलिस ने आम साथी व्हाट्सएप बॉट लॉन्च किया है, जिससे नागरिक घर बैठे 14 पुलिस सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। जानिए कैसे करें इसका उपयोग।

विज्ञापन

भुवनेश्वर : ओडिशा पुलिस ने नागरिकों को सरल, तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नयी पहल शुरू की है. इसके तहत आम लोग घर बैठे ‘आम साथी’ व्हाट्सएप बॉट के माध्यम से 14 पुलिस-नागरिक सेवाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे. पुलिस महानिदेशक विनयतोष मिश्र ने शुक्रवार को भुवनेश्वर स्थित डीजीपी कैंप कार्यालय में इस सेवा का शुभारंभ किया.

विज्ञापन

25 दिसंबर को मुख्यमंत्री ने व्हाट्सएप बॉट का किया था शुभारंभ

‘आम साथी’ ओडिशा सरकार की 24 घंटे उपलब्ध डिजिटल सहायता प्रणाली है, जिसके माध्यम से व्हाट्सएप पर विभिन्न सरकारी सेवाएं प्राप्त की जा सकती हैं. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 25 दिसंबर 2025 को सुशासन दिवस के अवसर पर ‘आम साथी’ व्हाट्सएप बॉट की शुरुआत की थी. इसका उद्देश्य विभिन्न सरकारी सेवाओं को डिजिटल माध्यम से नागरिकों तक आसानी से पहुंचाना है. ओडिशा सरकार के सेंटर फॉर मॉडर्नाइजिंग गवर्नमेंट इनिशिएटिव, राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो, ओडिशा पुलिस और मेटा इंडिया के सहयोग से ‘आम साथी’ एकीकृत व्हाट्सएप बॉट विकसित किया गया है.

ये सुविधाएं घर बैठे पा सकेंगे नागरिक

ओडिशा सरकार की नागरिक-केंद्रित डिजिटल सुशासन पहल के तहत गृह विभाग के एकीकृत मंच में उपलब्ध 14 पुलिस-नागरिक सेवाओं को अब ‘आम साथी’ से जोड़ा गया है. राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो और ओडिशा पुलिस ने इसके लिए आवश्यक तकनीकी समन्वय पूरा किया है. इसका उद्देश्य पुलिस सेवाओं को नागरिकों के लिए अधिक सुलभ और पारदर्शी बनाना है. अब इसके जरिए चरित्र प्रमाणपत्र, वरिष्ठ नागरिक पंजीकरण, कर्मचारी सत्यापन, खोई हुई संपत्ति या दस्तावेज से संबंधित रिपोर्ट, लाउडस्पीकर अनुमति के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र, किरायेदार एवं पीजी सत्यापन, खोई हुई संपत्ति का पंजीकरण और गुमशुदा व्यक्ति से संबंधित सूचना एवं पंजीकरण जैसी सेवाएं उपलब्ध होंगी. इसके अलावा शिकायत पंजीकरण, कर्मचारी एवं घरेलू सहायक के नियोजन का सत्यापन, कार्यक्रम या प्रदर्शन के लिए अनुमति, धरना एवं प्रदर्शन के लिए अनुमति, प्राथमिकी की प्रति तथा सड़क दुर्घटना, चोरी हुए वाहन और चोरी के मामलों से संबंधित अंतिम रिपोर्ट की प्रति भी व्हाट्सएप के माध्यम से प्राप्त की जा सकेगी.

इस तरह कर सकेंगे उपयोग

इस सेवा का उपयोग करने के लिए नागरिकों को ‘आम साथी’ का व्हाट्सएप नंबर 9437292000 अपने मोबाइल में सुरक्षित कर उस पर ‘Hi’ भेजना होगा. इसके बाद भाषा का चयन कर आवश्यक पुलिस सेवा चुनी जा सकेगी. संबंधित सेवा के अनुसार आवश्यक जानकारी और दस्तावेज व्हाट्सएप के माध्यम से जमा किये जा सकेंगे. आवेदन संबंधित पुलिस कार्यालय या प्राधिकरण को भेजे जाने के बाद आवेदक को संदर्भ या आवेदन संख्या मिलेगी, जिसके माध्यम से वह अपने आवेदन की स्थिति भी जान सकेगा. जिन सेवाओं में डिजिटल दस्तावेज उपलब्ध कराने की सुविधा है, उनमें स्वीकृत दस्तावेज व्हाट्सएप के माध्यम से प्राप्त किया जा सकेगा. ओडिशा पुलिस के अनुसार, ‘आम साथी’ में 14 पुलिस सेवाओं का एकीकरण राज्य में डिजिटल और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग को मजबूत करेगा.

पुलिस सेवाओं को लोगों तक आसानी से पहुंचाना है उद्देश्य

प्रौद्योगिकी के माध्यम से पुलिस सेवाओं को लोगों तक आसानी से पहुंचाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है. सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो के निदेशक अविनाश कुमार ने स्वागत भाषण दिया. कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कानून-व्यवस्था संजय कुमार, पुलिस आयुक्त डॉ एस देवदत्त सिंह, एसटीएफ के आइजी हिमांशु लाल, आइजी इंटेलिजेंस सत्यव्रत भोई, आइजी क्राइम ब्रांच डॉ सार्थक षाड़ंगी तथा सीएमजीआइ के कार्यकारी निदेशक सुरेंद्र कुमार मीणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में एसपी कंप्यूटर अमूल्य धर ने धन्यवाद ज्ञापित किया.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola