डुमेरता-बिमलगढ़ रेलखंड में एडीआरएम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा को लेकर कर्मियों को दिया निर्देश
डुमेरता-बिमलगढ़ रेलखंड में सेफ्टी निरीक्षण करते एडीआरएम.
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में एडीआरएम ने डुमेरता-बिमलगढ़ रेलखंड का सेफ्टी निरीक्षण किया और सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश दिए।
बंडामुंडा : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत डुमेरता से बिमलगढ़ रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों का शुक्रवार को सेफ्टी निरीक्षण एडीआरएम अजितेंद्र त्रिपाठी तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डुमेरता से बिमलगढ़ के बीच स्टेशनों पर रेल परिचालन से जुड़े सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया. इस दौरान प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, रेलवे गेट, फीडर काउंटर, रिलीफ ट्रेन साइडिंग, स्टेशन के ऑपरेटिंग पैनल, सेफ्टी इक्विपमेंट समेत अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की जांच की गयी.
सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश
एडीआरएम समेत अन्य अधिकारियों ने संबंधित रेलकर्मियों से सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए कार्य करने को कहा. उन्होंने कहा कि रेल परिचालन में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी कर्मचारी पूरी लगन और मेहनत के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी परिस्थिति में सुरक्षा से समझौता नहीं करें. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कर्मचारियों से कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी ली. मौके पर बंडामुंडा एआरएम अमित कुमार षाड़ंगी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
ट्रेन पर पत्थरबाजी का आरोपी गिरफ्तार, आठ सितंबर को हुई थी घटना
ट्रेन पर पत्थरबाजी के मामले में आरपीएफ राउरकेला ने एक युवक को गुरुवार को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान राजगांगपुर थाना अंतर्गत ईदगाह मोहल्ला निवासी अफरुद्दीन उर्फ झापोमाले (21) के रूप में हुई है. आठ सितंबर की शाम करीब 5:15 बजे आरपीएफ को जानकारी मिली थी कि लोको ट्रेन नंबर 12767 डाउन संतरागाछी एक्सप्रेस पर किलोमीटर नंबर 421/12ए पर पानपोष-कलुंगा खंड के बीच पत्थरबाजी हुई है. लोको पायलट एम गड़नायक (मुख्यालय राउरकेला) ने बताया कि पत्थरबाजी से लोको नंबर 37304 के उत्तरी भाग की खिड़की का शीशा टूट गया. इस संबंध में आरपीएफ राउरकेला ने आठ सितंबर को रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत मामला संख्या 1249/26 दर्ज किया था. विश्वसनीय सूचना के आधार पर जांच के दौरान आरपीएफ टीम ने रेलवे किलोमीटर संख्या 421/13-15 के पास गुरुवार की सुबह 7:15 से 9:00 बजे के बीच घात लगाकर उपरोक्त युवक को पकड़ा.
आरपीएफ ने रांची की महिला को परिवार से मिलाया
आरपीएफ पोस्ट राउरकेला ने ऑपरेशन डिग्निटी के तहत एक लापता महिला को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंपा. नौ सितंबर की शाम 7:00 बजे आरपीएफ राउरकेला को सूचना मिली कि धनबाद-अलाप्पुझा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13351) से खुशबू कुमारी नामक महिला यात्री कहीं उतर गयी है. खोजबीन होने पर वह राउरकेला स्टेशन के वेटिंग हॉल में मिलीं. पूछताछ में उसने अपना नाम खुशबू कुमारी (31), पत्नी संतोष कुमार, निवासी कामरे, थाना कांके, जिला रांची (झारखंड) बताया. उसने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण वह बिना बताये घर छोड़कर आ गयी थी. 10 सितंबर की रात करीब 12:15 बजे महिला का भाई झारखंड के लोहरदगा जिला के किस्को थाना अंतर्गत परहेपत निवासी सचिन कुमार साहू व उसके बच्चे पोस्ट पहुंचे. सचिन ने बताया कि उसके बहनोई संतोष कुमार ने रांची के रातू थाना में शिकायत दर्ज करायी है. उचित सत्यापन और दस्तावेजीकरण के बाद एएसआइ एलके नायक ने महिला को सुरक्षित उसके भाई को सौंपा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए