Rourkela News: एफआइएच प्रो लीग में बेल्जियम ने अर्जेंटीना को 5-3 से हराया
Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 10 Feb 2026 11:37 PM
विज्ञापन
Rourkela News: एफआइएच प्रो लीग के राउरकेला चरण का रंगारंग आगाज मंगलवार को हुआ. पहले मैच में बेल्जियम ने जीत दर्ज की.
विज्ञापन
Rourkela News: एफआइएच प्रो लीग के राउरकेला चरण का आगाज मंगलवार को बिरसा मुंडा इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में हुआ. ओडिशा के खेल मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने इस प्रतियोगिता का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि किया. मौके पर राउरकेला विधायक शारदा प्रसाद नायक, बणई विधायक लक्ष्मण मुंडा, ओडिशा सरकार के खेल एवं युवा विभाग के निदेशक डॉ येदुला विजय, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ दिलीप तिर्की, एशिया हॉकी फेडरेशनऔर हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष भोलानाथ सिंह, हॉकी इंडिया के महानिदेशक आरके श्रीवास्तव मौके पर मौजूद रहे.
शानदार वापसी करते हुए बेल्जियम ने जीत से किया आगाज
एफआइएच प्रो लीग के राउरकेला चरण में पहले हाफ में 3-2 से पिछड़ने के बाद दूसरे हाफ में बेल्जियम की टीम ने 5-3 गोल के अंतर से शानदार जीत दर्ज की. बेल्जियम के लिए टॉम बून ने (14, 30 व 58वें मिनट) ने तीन गोल किये. गुइलाउमे हेलिन (32वें) व एलेक्जेंडर हेंड्रिक्स (53वें) ने मिनट में एक-एक गोल किया. मैच शुरू होने के दूसरे मिनट में ही अर्जेंटीना के टोमस डोमेने ने पहला गोल मारकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी थी. वहीं निकोलस डेला टोर्रे ने नौवें मिनट में इस बढ़त को दोगुनी कर दी थी. टोमस ने 24वें मिनट में एक और गोल किया.ओडिशा के चार उत्कृष्ट हॉकी खिलाड़ी सम्मानित
ओडिशा के युवा एवं खेल मामलों के मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने बिरसा मुंडा स्टेडियम में उद्घाटन समारोह के दौरान हॉकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ओडिशा के चार खिलाड़ियों को सम्मानित किया. इनमें एशिया कप 2025 में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे अमित रोहिदास, नीलम संजीप खेस और शिलानंद लाकड़ा को 7.5-7.5 लाख रुपये का विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया. वहीं एफआइएच हॉकी मेंस जूनियर वर्ल्ड कप 2025 में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे रोशन कुजूर को 2.5 लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया.बेल्जियम के खिलाफ दमदार शुरुआत करने उतरेगा भारत
भारत बुधवार को मजबूत बेल्जियम के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा, जिसके बाद गुरुवार को उसका अर्जेंटीना से मुकाबला होगा. भारतीय टीम शनिवार को एक बार फिर बेल्जियम का सामना करेगी और रविवार को अर्जेंटीना के खिलाफ अपने अभियान का समापन करेगी. अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के संतुलित मिश्रण वाली भारतीय टीम दुनिया की शीर्ष रैंकिंग वाली दो टीमों के खिलाफ परिस्थितियों का लाभ उठाने की कोशिश करेगी. भारत ने प्रो लीग में अभी तक अपना अभियान शुरू नहीं किया है, जबकि अर्जेंटीना और बेल्जियम दोनों ही सत्र की शानदार शुरुआत के बाद राउरकेला पहुंचे हैं. अर्जेंटीना फिलहाल 11 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर है. उसने अब तक चार मैच खेले हैं, जिनमें से तीन में उसने निर्धारित समय में और एक में शूटआउट में जीत दर्ज की. बेल्जियम चार मैचों में 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जिसमें उसने निर्धारित समय के अंदर तीन मैच में जीत हासिल की लेकिन शूटआउट तक खिंचे एक अन्य मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा था. भारत का हाल के वर्षों में बेल्जियम के खिलाफ प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. इन दोनों टीमों ने 2013 से अब तक 35 मैच खेले हैं. इनमें बेल्जियम ने 22 और भारत ने 11 मैच जीते हैं, जबकि दो मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं. हालांकि अर्जेंटीना के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड बेहतर है. इन दोनों टीमों के बीच 2013 से अब तक खेले गये 19 मैच में से भारत ने 10 में जीत हासिल की है, जबकि अर्जेंटीना ने केवल सात मैच जीते हैं.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










