वाराणसी में मुठभेड़: UP ATS की कार्रवाई में चतरा का 30 लाख का इनामी TSPC सुप्रीमो बृजेश गंझू ढेर
बृजेश गंझू की फाइल फोटो
उत्तर प्रदेश एटीएस ने वाराणसी में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 लाख के इनामी TSPC सुप्रीमों बृजेश गंझू को मुठभेड़ में ढेर कर दिया. बृजेश कई संगीन मामलों में वांटेड था. सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है.
चतरा. झारखंड में सक्रिय प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC के सुप्रीमो बृजेश गंझू को उत्तर प्रदेश ATS की टीम ने मुठभेड़ में मार गिराया है. रविवार तड़के हुई मुठभेड़ में बृजेश गंझू की मौत हो गयी. इसकी पुष्टि चतरा एसपी अभिषेक नैथानी ने भी की है. उन्होंने कहा कि घटना सही है. यूपी पुलिस से बात करने के बाद पूरी जानकारी देने की बात कही है.
यह मुठभेड़ वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र में हुई है. बृजेश गंझू पर झारखंड सरकार की ओर से 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था, जबकि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उस पर 5 लाख रुपये का इनाम रखा था. इस तरह उस पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम था.
लंबे समय से सक्रिय था बृजेश गंझू
बृजेश गंझू लंबे अरसे से क्षेत्र में सक्रिय था. TSPC संगठन से जुड़ने से पहले वह माओवादी संगठन में सक्रिय था। वर्ष 2005 में TSPC का गठन किया था.
गुप्त सूचना पर सुबह पांच बजे हुई घेराबंदी
ATS के डिप्टी एसपी विपिन राय के मुताबिक, टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड का वांटेड उग्रवादी कमांडर बृजेश गंझू तड़के रामनगर थाना क्षेत्र के लंका मैदान में टेंगरा मोड़ से मुगलसराय की ओर जाने वाले रास्ते से गुजरने वाला है.
सूचना के आधार पर ATS टीम ने सुबह करीब पांच बजे क्षेत्र में कड़ी घेराबंदी की. इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा. ATS टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने पुलिस टीम पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
जवाबी कार्रवाई में शुरू हुई मुठभेड़
उग्रवादी की तरफ से हुई गोलीबारी के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की. दोनों ओर से हुई इस मुठभेड़ में बृजेश गंझू को गोली लग गयी और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा. इसके बाद ATS की टीम उसे तत्काल घायल अवस्था में नजदीकी अस्पताल ले गयी, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जांच के बाद उसकी पहचान झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र स्थित लूटू गांव निवासी बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता के रूप में हुई.
ये भी पढ़ें: रोजगार मेले में 143 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र, खिले चेहरे; रेलवे में सबसे अधिक नौकरी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए