रांची: पैसे मांग रहा था बेटा, इनकार करने पर पिता के सिर पर नेपाली छुरे से किया हमला
चुटिया थाना रांची
रांची में सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां पैसे मांगने पर बेटे ने पिता पर नेपाली छुरा से हमला किया। पिता गंभीर रूप से घायल।
रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट
रांची. चुटिया थाना क्षेत्र के पावर हाउस चुटिया में पैसे देने से इनकार करने पर एक युवक द्वारा अपने पिता पर नेपाली छुरा से हमला करने का मामला सामने आया है. घटना में 55 वर्षीय नगेंद्र सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी है. मामले को लेकर पीड़ित ने चुटिया थाना में शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पैसे मांगने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस को दिये आवेदन के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 7:00 से 7:30 बजे के बीच की है. नगेंद्र सिंह अपनी पत्नी बीणा देवी के साथ घर पर मौजूद थे. इसी दौरान उनका 26 वर्षीय बेटा सोनू सिंह घर पहुंचा और माता-पिता से पैसे मांगने लगा. पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया.
आरोप है कि सोनू ने माता-पिता के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उन्हें घर से बाहर निकाल दिया. इसी दौरान उसने घर में रखे नेपाली छुरे से पिता के सिर पर हमला कर दिया. हमले में नगेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये और उनके सिर से खून बहने लगा.
शोर सुनकर जुटे पड़ोसी
घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. आवेदन के अनुसार, लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया. घायल नगेंद्र सिंह को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. चुटिया पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए