ePaper

अपने-अपने बूथों पर पहुंचे मतदान कर्मी, कड़ी सुरक्षा के बीच आज होगा मतदान

Updated at : 22 Feb 2026 9:32 PM (IST)
विज्ञापन
अपने-अपने बूथों पर पहुंचे मतदान कर्मी, कड़ी सुरक्षा के बीच आज होगा मतदान

नगर परिषद आम निर्वाचन 2026 के तहत 23 फरवरी 2026 को होने वाले मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है.

विज्ञापन

सुबह सात बजे से पांच बजे तक होगा मतदान सिमडेगा. नगर परिषद आम निर्वाचन 2026 के तहत 23 फरवरी 2026 को होने वाले मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है. मतदान से पूर्व सिमडेगा कॉलेज परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर से सभी पोलिंग पार्टियों को आवश्यक चुनाव सामग्री, मतपत्र पेटियां एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर संबंधित मतदान केंद्रों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना किया गया. रवाना होने से पूर्व प्रत्येक पोलिंग पार्टी द्वारा सामग्री का सावधानीपूर्वक मिलान किया गया. मतपत्र पेटी, सील, विभिन्न प्रपत्र, हैंडबुक, चेकलिस्ट तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गयी ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या कमी न रह जाये. अधिकारियों ने मतपत्र पेटी को खोलने-बंद करने की प्रक्रिया, सीलिंग की विधि, प्रपत्रों को सही तरीके से भरने और मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी. बताया गया कि सुबह सात बजे से पांच बजे तक मतदान होगा. 37 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान सिमडेगा नगर क्षेत्र के अंतर्गत कुल 37 मतदान केंद्र बनाये गये हैं, जहां मतदाता अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों के पक्ष में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. शहरी क्षेत्र में होने वाले इस चुनाव को लेकर मतदाताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है.इधर सभी मतदान केंद्रों पर शाम तक सभी मतदान कर्मी पहुंच चुके थे. चुनाव को लेकर की गयी है सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था मतदान दिवस पर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है. मतदान केंद्रों को दो कैटेगरी में बांटा गया है. संवेदनशील मतदान केंद्रों में दो आठ की सुरक्षा दी गयी है. जबकि सामान्य मतदान केंद्रों में एक चार की सुरक्षा रहेगी. मतगणना एवं मतपेटियों के भंडारण को लेकर भी मतगणना स्थल में सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारी की गयी है. सुरक्षा व्यवस्था को तीन लेयर में बांटा गया है. 24 घंटे वज्र गृह प्रशासन एवं पुलिस की निगरानी में रहेगा. मतगणना स्थल में जगह जगह पर सीसीटीवी कैमरा लगाए गये हैं. इसके अलावा 24 घंटे निगरानी के लिए पुलिस जवान एवं दंडाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है. बॉक्स चुनाव संपन्न कराने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: उपायुक्त पोलिंग पार्टियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सभी कर्मियों ने गंभीरता, अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया है. विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों के फीडबैक से स्पष्ट है कि पूरी टीम अपने दायित्वों के प्रति सजग है. उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने की पहली शर्त है स्पष्ट जानकारी और बिना किसी भ्रम के कार्य निष्पादन. उन्होंने कहा कि इस बार पूर्व चुनावों के अनुभवों के आधार पर सावधानी बरती गयी है तथा आवश्यक प्रपत्रों की विस्तृत चेकलिस्ट भी उपलब्ध करायी गयी है, ताकि मतदान के उपरांत सामग्री जमा करते समय किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान सामग्री को उसी सावधानी से सुरक्षित रखें जैसे कोई व्यक्ति अपने की सुरक्षा करता है. मतपत्र अत्यंत संवेदनशील सामग्री है, इसे किसी भी परिस्थिति में असुरक्षित न छोड़ें. किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात का आभास भी स्वीकार्य नहीं होगा. उन्होंने गर्भवती महिला, वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं पीठासीन पदाधिकारी की हस्तपुस्तिका का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा.उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से तैनात है. किसी भी परिस्थिति में सहायता के लिए टीम तत्पर रहेगी. उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करने और सिमडेगा जिले को आदर्श चुनाव का उदाहरण बनाने का आह्वान किया. सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखें पुलिस के जवान : एसपी पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत ब्रीफिंग दी. उन्होंने निर्देश दिया कि पुलिस पदाधिकारी अपनी पोलिंग पार्टी के साथ मतदान केंद्र से लेकर मतपत्र पेटी जमा होने तक निरंतर साथ रहें. उन्होंने कहा कि मतदान दिवस की सुबह 6 बजे तक सभी कर्मी तैयार अवस्था में रहें.सात बजे से मतदान प्रारंभ होगा. प्रवेश द्वार पर सघन जांच सुनिश्चित की जाये. चूंकि मतदान बैलेट पेपर से होना है, इसलिए ज्वलनशील पदार्थ, मोबाइल फोन, धूम्रपान सामग्री अथवा अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं अंदर ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा. उन्होंने कतार व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने, एक पुरुष मतदाता के बाद दो महिला मतदाताओं को प्रवेश देने तथा वृद्ध, गर्भवती एवं दिव्यांग मतदाताओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. पुलिस बल को मतदान कक्ष के अंदर प्रवेश नहीं करने की हिदायत दी गयी. किसी भी विधि-व्यवस्था की स्थिति में तत्काल सेक्टर पदाधिकारी या कंट्रोल रूम को सूचना देने को कहा गया. प्रत्येक सेक्टर में क्यूआरटी तैनात रहेगी और रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम रहेगा. उप विकास आयुक्त ने सतर्कता पर दिया जोर उप विकास आयुक्त दीपांोोकर चौधरी ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में प्रत्याशियों की संख्या अधिक होती है और वह छोटे क्षेत्रों में केंद्रित रहते हैं. ऐसे में हर गतिविधि पर उनकी नजर रहती है. छोटी से छोटी त्रुटि भी तुरंत उजागर हो सकती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकसभा या विधानसभा चुनाव की तरह इस चुनाव में भी नियमों का कड़ाई से पालन अनिवार्य है. उन्होंने सतर्कता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सतर्कता से ही चुनाव सफलता पूर्वक संपन्न होगा. किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस अवसर पर उप समाहर्ता श्री ज्ञानेन्द्र, अनुमंडल पदाधिकारी प्रकाश रंजन ज्ञानी, उप निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार महतो, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय बखला, जिला जन-संपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, डीएसपी रणवीर सिंह, नगर परिषद प्रशासक पदाधिकारी अरविन्द तिर्की सहित सभी निर्वाची पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.

विज्ञापन
VIKASH NATH

लेखक के बारे में

By VIKASH NATH

VIKASH NATH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola