सर्पदंश से किशोरी की मौत, इलाज में देरी का आरोप लगा परिजनों ने किया सड़क जाम
रोड जाम में बैठे ग्रामीणों को समझाते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
झारखंड के बानो में सर्पदंश से किशोरी की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर सड़क जाम किया. डॉक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
बानो. बानो थाना क्षेत्र के झरिया डिपा गांव निवासी प्यारा लुगुन की 16 वर्षीय पुत्री अनिमा लुगुन की सर्पदंश से मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार की शाम बानो-मनोहरपुर मुख्य पथ को अस्पताल के समीप जाम कर दिया. ग्रामीणों ने बानो स्वास्थ्य केंद्र में इलाज में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
आपके शहर में
जानकारी के अनुसार, अनिमा लुगुन को रविवार की रात जहरीले सांप ने काट लिया था. परिजन उसे इलाज के लिए बानो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के करीब दो घंटे बाद इलाज शुरू किया गया, जिसके कारण किशोरी की जान चली गयी. वहीं चिकित्सक डॉ शेख ताजुद्दीन ने इलाज में किसी प्रकार की देरी से इनकार किया है. पोस्टमार्टम के लिए भी तैयार नहीं थे परिजन
किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे. वे दोषी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे. पुलिस प्रशासन के समझाने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया. इसके बाद परिजन शव लेकर बानो पहुंचे और शाम करीब 5.30 बजे अस्पताल के सामने बानो-मनोहरपुर मुख्य पथ पर शव रखकर जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
डॉक्टर पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग
जाम की सूचना मिलने पर बीडीओ और थाना प्रभारी सशस्त्र बलों के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों में घटना को लेकर काफी आक्रोश था. ग्रामीणों ने चिकित्सक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की. उनका कहना था कि संबंधित चिकित्सक को पूरे झारखंड में कहीं भी ड्यूटी नहीं दी जानी चाहिए. मांगें पूरी होने तक जाम नहीं हटाने की बात ग्रामीणों ने कही. इधर, ग्रामीणों की ओर से थाना में चिकित्सक के खिलाफ लिखित आवेदन दिया गया. आवेदन के आधार पर पुलिस ने चिकित्सक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. अधिकारी ग्रामीणों को समझाने और सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास करते रहे. देर शाम तक मौके पर मान-मनौव्वल का दौर जारी था और ग्रामीण त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर डटे हुए थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए