Simdega News: ‘मोर पुलिस मोय पुलिस’ अभियान में ग्रामीणों को किया जागरूक, 112 और 1930 की दी जानकारी
जागरूकता अभियान चलाते पुलिस के जवान | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा पुलिस ने मोर पुलिस मोय पुलिस अभियान के तहत ग्रामीणों को साइबर अपराध, मानव तस्करी और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया। सुरक्षित समाज के लिए अपील की।
सिमडेगा: कम्यूनिटी पुलिसिंग के तहत सिमडेगा पुलिस की ओर से संचालित ‘मोर पुलिस मोय पुलिस’ अभियान के माध्यम से जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाया गया. 20 से 26 अगस्त तक चले अभियान में ग्राम सभाओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी सेविकाओं-सहायिकाओं समेत विभिन्न हितधारकों की सहभागिता रही.
आपके शहर में
अभियान के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने मानव तस्करी, सड़क सुरक्षा, सर्पदंश से बचाव एवं प्राथमिक उपचार, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, महिला उत्पीड़न, बाल संरक्षण और डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणाम एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या सामाजिक कुप्रथा की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गयी.
यह भी पढ़ें : Simdega News: शादी का झांसा देकर युवती से यौन संबंध बनाने का आरोपी गिरफ्तार, घर से दबोचा
डायन प्रथा के खिलाफ किया जागरूक
डायन प्रथा के खिलाफ जागरूक करते हुए पुलिस ने बताया कि किसी महिला या व्यक्ति को डायन बताकर प्रताड़ित करना, सामाजिक बहिष्कार करना अथवा हिंसा करना कानूनन अपराध है. लोगों से अंधविश्वास और अफवाहों से दूर रहने तथा विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेने की अपील की गयी.
विद्यालय एवं कॉलेज के छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया. युवाओं से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ चलाये जा रहे जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गयी.
डायल-112 और 1930 की दी जानकारी
आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए डायल-112 तथा साइबर ठगी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 और एनसीआरपी पोर्टल की जानकारी भी लोगों को दी गयी. पुलिस ने कहा कि आमजन के सहयोग से ही सुरक्षित, जागरूक और अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए