सिमडेगा में जुटा कुम्हार समाज, सामाजिक सुधार और एकजुटता पर जोर
सम्मेलन में उपस्थित अतिथि व अन्य | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा में झारखंड प्रजापति कुम्हार महासंघ का जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें समाज को एकजुट करने और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का आह्वान किया गया.
सिमडेगाः जिला परिषद डाक बंगला परिसर में झारखंड प्रजापति (कुम्हार) महासंघ का जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया. सम्मेलन की अध्यक्षता जिला कार्यकारी अध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष पूना बेसरा ने की. मंत्रोच्चार के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. स्वागत भाषण के दौरान पूना बेसरा ने महासंघ के पदाधिकारियों का परिचय कराया तथा बैज और माला पहनाकर उनका स्वागत किया.
तिलक-दहेज जैसी प्रथाओं पर रोक लगाने की अपील
सम्मेलन में विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे समाज के लोगों ने शादी-विवाह में तिलक-दहेज, छेका और घर देखी जैसी प्रथाओं में होने वाले अनावश्यक खर्च पर रोक लगाने की बात कही. वक्ताओं ने कहा कि इन प्रथाओं के कारण कुम्हार समाज के लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर उनकी आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है.
एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान
मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष देवनारायण प्रजापति एवं विशिष्ट अतिथि झारखंड माटीकला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष चंद्र प्रजापति और महासंघ के संरक्षक सह पूर्व विधायक योगेश्वर महतो ने सम्मेलन को संबोधित किया. देवनारायण प्रजापति ने कहा कि महासंघ झारखंड के कुम्हार समाज का सशक्त सामाजिक संगठन है. महासंघ के पदाधिकारी प्रखंड और गांव स्तर तक भ्रमण कर समाज के लोगों को जागरूक एवं एकजुट करने का कार्य कर रहे हैं. उन्होंने सभी लोगों से एकजुट होकर महासंघ को मजबूत बनाने का आह्वान किया.
मौके पर मोहन महतो, राम मोहन महतो, मनोज प्रसाद, रामविलास राणा, रांची से तिलकु महतो, खूंटी से महिला नेत्री सुधामनी देवी, बसिया से बिनोद महतो, पार्वती देवी, संध्या देवी एवं लोहरदगा से सरोज प्रजापति समेत अन्य लोगों ने अपने विचार रखे.
ये भी पढ़ें- 'फिजियोथेरेपी डे' पर सिमडेगा के आनंद भवन में लगेगा निःशुल्क शिविर
युवाओं से संगठन से जुड़ने की अपील
प्रदेश युवा संयोजक शंभु प्रजापति ने युवाओं से शिक्षा के साथ संगठन के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया. प्रवक्ता विक्रम महतो ने कहा कि झारखंड प्रजापति (कुम्हार) महासंघ, अखिल भारतीय प्रजापति (कुम्हार) महासंघ की राज्य इकाई है. उन्होंने सभी कुम्हार समाज के लोगों से सदस्य बनकर संगठन को सशक्त बनाने की अपील की.
प्रदेश महामंत्री ईश्वर चंद्र प्रजापति ने बताया कि 24 दिसंबर 2026 को महासंघ का प्रांतीय महाधिवेशन आयोजित होगा. इससे पहले सदस्यता अभियान पूरा किया जाएगा. इसके बाद सभी प्रखंडों में सम्मेलन के माध्यम से प्रखंड समिति तथा जिला सम्मेलन के जरिए जिला समिति का गठन संविधान के तहत किया जाएगा.
सम्मेलन में किशोर राणा, शंभु राणा, बिजु महतो, सत्या महतो, प्रदीप महतो, झलकराम महतो, भीम महतो, हरि महतो, लघु महतो समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे. धन्यवाद ज्ञापन रांची नामकुम के तिलकु महतो ने किया.
ये भी पढ़ें- मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर समाहरणालय में शोक सभा, DC समेत अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए