अब नहीं चलेगा एक्सपायरी सामान का खेल, सिमडेगा में व्यापारियों को विभाग की दो टूक चेतावनी
खाद्य सुरक्षा विभाग की व्यापारियों के साथ बैठक, गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापारियों के साथ बैठक कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट के नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं.
सिमडेगा. जिलेवासियों को शुद्ध, पौष्टिक एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने को लेकर बुधवार को खाद्य सुरक्षा कार्यालय में व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास कुमार ने की. बैठक में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
आपके शहर में
एफएसओ विकास कुमार ने कहा कि लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है. उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए. उन्होंने सभी दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि एक्सपायरी डेट वाले खाद्य उत्पादों की बिक्री के खिलाफ विभाग सख्ती से कार्रवाई करेगा. चैंबर ऑफ कॉमर्स से अपील की गई कि किसी भी दुकान या प्रतिष्ठान में अवधि समाप्त हो चुकी खाद्य सामग्री न रखी जाए. पैकेज्ड बेकरी उत्पादों पर निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी तिथि स्पष्ट और पढ़ने योग्य रूप में अंकित होना सुनिश्चित करने को कहा गया.
होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को मिठाइयों और तैयार खाद्य पदार्थों की उपयोग अवधि ग्राहकों के समक्ष प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही खाद्य पदार्थों में विभाग द्वारा अनुमोदित रंगों का ही इस्तेमाल करने को कहा गया. बैठक से पहले चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से एफएसओ विकास कुमार का बुके देकर स्वागत किया गया तथा विभाग को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया.
चैंबर अध्यक्ष मोती लाल अग्रवाल ने सभी व्यापारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही निरोगी और सशक्त समाज का निर्माण संभव है. मौके पर पप्पू चौधरी, कैलाश अग्रवाल, लखन गुप्ता, राजेश केशरी, अमित गोयल, आलोक सिंह सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए