पालकोट में वीर शहीद तेलंगा खड़िया स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता, मैदान में दिखा खिलाड़ियों का उत्साह
फोटो खिलाड़ियों व नागरिकों को संबोधित करते विधायक | Prabhat Khabar Network
पालकोट में वीर शहीद तेलंगा खड़िया स्मृति बालक एवं बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जहाँ युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. विधायक भूषण बाड़ा ने इसे ग्रामीण युवाओं के लिए प्रतिभा निखारने का बेहतरीन मंच बताया.
सिमडेगाः पालकोट प्रखंड के बघिमा अंबाटोली मैदान में वीर शहीद तेलंगा खड़िया स्मृति बालक एवं बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बालक और बालिका खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखने के लिए खेलप्रेमियों और ग्रामीणों की भीड़ मैदान में जुटी रही. कार्यक्रम में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा और जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा मुख्य रूप से शामिल हुए. दोनों जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया.
ग्रामीण युवाओं को प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच : भूषण बाड़ा
विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा और पहचान बनाने का मजबूत माध्यम भी है. पालकोट और आसपास के क्षेत्रों में फुटबॉल, हॉकी समेत विभिन्न खेलों की प्रतिभाओं की कमी नहीं है. जरूरत इन खिलाड़ियों को बेहतर मंच और नियमित अभ्यास का अवसर उपलब्ध कराने की है.
उन्होंने कहा कि वीर शहीद तेलंगा खड़िया की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं को खेल के साथ-साथ अपने इतिहास और वीर शहीदों से जोड़ने का भी काम कर रही है. उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार से निराश नहीं होने और अनुशासन, मेहनत व नियमित अभ्यास को सफलता की कुंजी बनाने की अपील की. विधायक ने कहा कि ग्रामीण मैदानों से निकलकर खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं. उन्होंने क्षेत्र में खेल के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया.
ये भी पढ़ें- सिमडेगा पहुंची मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, डीसी-एसपी से विकास योजनाओं और विधि-व्यवस्था की ली जानकारी
बालिकाओं की बढ़ती भागीदारी सकारात्मक बदलाव : जोसिमा खाखा
जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि खेलों में बालिकाओं की बढ़ती भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है. बेटियों को खेल के मैदान में आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिलना चाहिए. खेल के माध्यम से आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है. उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि वीर शहीद तेलंगा खड़िया ने समाज और देश के लिए संघर्ष किया था. उनकी स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता नयी पीढ़ी को गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का भी माध्यम है. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और क्षेत्र का नाम रोशन करने की अपील की.
ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना प्रतियोगिता का उद्देश्य
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की फुटबॉल प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करना और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है. मौके पर विकास कुमार गुप्ता, बसंत कुमार गुप्ता, रोहित एक्का, पुरुषोत्तम कुजूर, सत्यनारायण केसरी, भूषण सिंह, विशाल कुमार गुप्ता, अनुज सोरेन, माता खड़िया अनिल कुल्लू, नकुल सिंह, सुरेश खड़िया, दसई खड़िया, सुधीर कुल्लू, रंजीत खड़िया समेत आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
ये भी पढ़ें- पेड़ के नीचे बैठी युवती को सांप ने डसा, अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने लगे परिजन
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए