जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड के सिमडेगा की तीन खिलाड़ियों का चयन, आयरलैंड में होगा टूर्नामेंट

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 25 May 2022 8:19 PM

विज्ञापन

जूनियर महिला हॉकी टीम में झारखंड के तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ है. तीनों महिला खिलाड़ी सिमडेगा जिले की है. इसमें ब्यूटी डुंगडुंग, दीपिका सोरेंग और महिमा टेटे का चयन हुआ है. आयरलैंड के डबलिन में पांच देशों के अंडर-23 महिला हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है.

विज्ञापन

Jharkhand News: हॉकी इंडिया ने जूनियर महिला टीम की घोषणा की है. आगामी 19 से 26 जून, 2022 तक आयरलैंड के डबलिन में होने वाले पांच देशों के अंडर-23 टूर्नामेंट के लिए भारत की 20 सदस्यीय जूनियर महिला टीम में झारखंड की तीन खिलाड़ी ब्यूटी डुंगडुंग, दीपिका सोरेंग और महिमा टेटे का चयन हुआ है. इस चैंपिनयशिप के लिए वैष्णवी फाल्के को कमान सौंपी गयी है, जबकि मुमताज खान को उप कप्तान बनाया गया है. जूनियर महिला टीम को टूर्नामेंट में नीदरलैंड, आयरलैंड, अमेरिका और यूक्रेन की टीम से भिड़ना है.

आयरलैंड से है भारतीय टीम का पहला मैच

भारतीय टीम अपना पहला मैच मेजबान आयरलैड के खिलाफ 19 जून को खेलेगी. टीम को इसके बाद 20 जून को नीदरलैंड से खेलना है जबकि उसका तीसरा मुकाबला 22 जून को यूक्रेन से होगा. टीम अपना अंतिम राउंड रोबिन मुकाबला अमेरिका के खिलाफ 23 जून को खेलेगी. राउंड रोबिन मुकाबलों के बाद शीर्ष दो टीम के बीच 26 जून को फाइनल होगा. तीसरे और चौथे स्थान की टीम इसी दिन कांस्य पदक के लिए प्ले आफ में खेलेंगी.

झारखंड की तीन बेटियों का भारतीय महिला हॉकी टीम में चयन

20 सदस्यीय जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड के सिमडेगा के तीन खिलाड़ी ब्यूटी डुंगडुंग, महिमा टेटे और दीपिका सोरेंग का चयन हुआ है. जिले के करंगागुड़ी की रहने वाली दीपिका सोरेंग जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम में पहली बार चुनी गई है. जिले के ही बड़कीछापर की रहने वाली और ओलंपियन सलीमा टेटे की छोटी बहन महिमा टेटे भी पहली बार जूनियर भारतीय महिला टीम में चयनित हुई है. वहीं, ब्यूटी डुंगडुग के पिता अम्ब्रोस डुंगडुंग भी हॉकी के नेशनल प्लेयर रह चुके हैं. ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग फॉरवर्ड, जबकि महिमा टेटे डिफेंडर है.

Also Read: Jharkhand Panchayat Chunav: पलामू के छतरपुर प्रखंड में बेटा बना जिला परिषद सदस्य, तो मां बनी मुखिया

टीम इस प्रकार है

गोलकीपर : खुशबू और कुरमापू राम्या
डिफेंडर: प्रीति, ममिता ओराम, महिलम टेटे (झारखंड), नीलम, रितिका सिंह
मिडफील्डर: मंजू चौरसिया, वैष्णवी विठ्ठल फाल्के (कप्तान), ज्योति छेत्री, हिना बानो, निकिता टोप्पो, अश्विनी कोलेकर, रुतुजा ददासो पिसल
फारवर्ड: अन्नु, मुमताज खान (उप कप्तान), ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग (दोनों झारखंड), मोनिका दिपि टोप्पो और मुदुगुला भवानी.

हॉकी झारखंड और हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष ने दी बधाई

जूनियर भारतीय महिला हॉकी की टीम में झारखंड के तीन खिलाड़ियों के चयन होने पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि हॉकी झारखंड के पदाधिकारी, झारखंड सरकार एवं खेल विभाग के प्रशिक्षक लगातार मेहनत कर रहे हैं. जिसका परिणाम है कि आज भारतीय हॉकी टीम में भी हमारे राज्य के खिलाड़ी लगातार चुने जा रहे हैं. इस वर्ष जूनियर टीम से कुछ खिलाड़ियों को सीनियर में प्रमोशन हुआ, तो जूनियर में झारखंड के दो नये खिलाड़ी आये. वहीं, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष सह उपाध्यक्ष हॉकी मनोज कोनबेगी ने तीनों खिलाड़ियों को भारतीय टीम में चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा कि ये सिमडेगा ही नहीं पूरे राज्य के लिए गौरव की बात है.

सिमडेगा के तीन खिलाड़यों के चयन पर लगा बधाई देने वालों का तांता

जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड के सिमडेगा के तीन खिलाड़ियों के चयन होने पर सोहन बड़ाइक, सुनील तिर्की, पंख्रासियुस टोप्पो, कमलेश मांझी, प्रतिमा बरवा, तारिणी कुमारी, सुभिला मिंज, प्रतिमा तिर्की, करिश्मा पतवार, अल्शन किड़ो, बसंत बा, वेद प्रकाश, बलबीर प्रसाद, फादर पौलूस बागे, फादर बेनेदिक कुजुर, टिंटुस बाड़ा, मुकुट डुंगडुंग, सुकराम मांझी, राहुल मिंज, विजय तिर्की सहित हॉकी सिमडेगा और हॉकी झारखंड के समस्त पदाधिकारियों ने बधाई दी है.

Also Read: Blockchain प्रणाली से बीज वितरण करने में झारखंड बना देश का पहला राज्य, इस मॉडल को जानें


रिपोर्ट : रविकांत साहू, सिमडेगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola