असम के डिब्रूगढ़ में तीन खिलाड़ियों ने दिखाया दम, अमन और शहील भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हुए शामिल
जवाहर नवोदय विद्यालय के खिलाड़ी.
असम के डिब्रूगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में जवाहर नवोदय विद्यालय सिजुलता के तीन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।
राजनगर : जवाहर नवोदय विद्यालय सिजुलता, सरायकेला के तीन होनहार खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है. विद्यालय के तीन फुटबॉल खिलाड़ी फुलचांद उगुरसंडी, अमन हेम्ब्रम और शहील हेम्ब्रम ने असम के डिब्रूगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. इनमें अंडर-14 वर्ग के फुलचांद उगुरसंडी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक गोल दागकर अपनी टीम को फाइनल में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभायी. उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया.
आपके शहर में
लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बना रहे पहचान
फुलचांद उगुरसंडी की यह उपलब्धि उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन का परिणाम है. इससे पहले भी वह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं. वर्ष 2024 में चतरा और 2025 में दुमका में आयोजित प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने हिस्सा लिया था. लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर फुलचांद ने अपनी अलग पहचान बनायी है.
अमन और शहील ने भी किया राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व
विद्यालय के अंडर-17 वर्ग के अमन हेम्ब्रम और अंडर-19 वर्ग के शहील हेम्ब्रम ने भी डिब्रूगढ़ में आयोजित नेशनल फुटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. हालांकि दोनों खिलाड़ियों की टीमें फाइनल तक नहीं पहुंच सकीं, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर खेलकर दोनों ने क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन किया. दोनों खिलाड़ी इससे पहले सुब्रतो कप के लिए भी चयनित हो चुके हैं. उन्होंने वर्ष 2023 में पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर, 2024 में चतरा और 2025 में दुमका में आयोजित प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था. लगातार बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं में चयनित होना उनकी खेल प्रतिभा और मेहनत को दर्शाता है.
योग में भी राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचा सिजुलता का छात्र
जवाहर नवोदय विद्यालय सिजुलता के विद्यार्थियों ने फुटबॉल के अलावा अन्य खेलों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है. विद्यालय के रास बाबू मछुआ ने योगा प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर स्थान बनाकर पंजाब के होशियारपुर में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था. इससे विद्यालय की खेल प्रतिभाओं की मजबूत उपस्थिति राष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिल रही है.
विद्यार्थियों का बेहतर प्रदर्शन गर्व की बात : डॉ रविंद्र
प्रभारी प्राचार्य डॉ. रविन्द्र राम ने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में चयन और बेहतर प्रदर्शन पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है. खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर विद्यालय के साथ-साथ सरायकेला-खरसावां जिले का नाम रोशन किया है. उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है. प्रतिभावान विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय परिवार लगातार प्रयासरत रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए