Chaibasa News : कुचाई के लोप्सो जंगल में मिनी शराब फैक्ट्री का हुआ भंडाफोड़

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 06 Dec 2025 11:58 PM

विज्ञापन

पुलिस की बड़ी कार्रवाई. 1020 लीटर शराब और 1600 लीटर स्प्रिट जब्त

विज्ञापन

खरसावां. सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कुचाई थाना क्षेत्र के लोप्सो गांव स्थित जंगल में संचालित एक मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया. यह कार्रवाई शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को मिली जानकारी के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में की गयी.

घने जंगल का फायदा उठा भागे आरोपी:

शनिवार को कुचाई थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ समीर कुमार सवैयां ने बताया कि सूचना मिली थी कि लोप्सो जंगल के अंदर नकली और अवैध अंग्रेजी शराब तैयार की जा रही है. सूचना की पुष्टि के बाद छापेमारी दल गठित की गयी. पुलिस को देखकर 2-3 लोग जंगल में भाग निकले. सशस्त्र बल के जवानों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन घने जंगल और झाड़ियों का फायदा उठाकर वे फरार हो गये.

भारी मात्रा में सामग्री जब्त:

पुलिस के सर्च अभियान में बड़ी मात्रा में अवैध शराब और सामग्री बरामद हुई. मौके पर प्लास्टिक की बोतलें और जार मिले, जिनमें लाल रंग का तरल पदार्थ भरा था. इसके अलावा 200 लीटर क्षमता वाले 8 ड्रमों में स्प्रिट भरा मिला. पूरे क्षेत्र की तलाशी लेकर सभी अवैध सामान जब्त किये गये.

बरामद सामग्री:

सफेद रंग की स्कॉर्पियो (जेएच05एपी 3535), 68 पेटी किंग गोल्ड और 12 पेटी ब्लैक टाइगर, कुल 80 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब लगभग 720 लीटर, 20-20 लीटर के 15 जार में भरी लगभग 300 लीटर शराब, 8 ड्रमों में 1600 लीटर स्प्रिट, प्लास्टिक की खाली बोतलों से भरे 4 बोरे, ढक्कनों से भरे 3 बोरे, विभिन्न कंपनियों के शराब लेबल, 10 खाली जार, रंग मिलाने वाले छोटे डिब्बे, पेटी बनाने के लिए 5 बंडल कार्टन, नीले रंग का प्लास्टिक तिरपाल

फरार आरोपियों की तलाश जारी

एसडीपीओ समीर सवैयां ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह अवैध शराब निर्माण कब से चल रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जायेगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैयां, कुचाई थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा, सहायक अवर निरीक्षक सामंत कुमार दास और कुचाई थाना सैट-2 के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola