आधी रात हुआ हादसा, सूने रास्ते पर नहीं सुनी किसी ने आवाज... जानें फिर क्या हुआ
सांकेतिक तस्वीर
जोजोकुडमा-सुपाईसाईं मार्ग पर चरन टांड मोड़ के पास मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में 45 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई.
खरसावां: सड़क हादसों में लापरवाही और सूने रास्तों पर सुरक्षा का अभाव किस तरह भारी पड़ सकता है, इसका एक दर्दनाक मामला खरसावां थाना क्षेत्र के आमदा ओपी अंतर्गत सामने आया है. जोजोकुडमा-सुपाईसाईं मार्ग पर चरन टांड मोड़ के पास मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में 45 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. सुनसान इलाका होने के कारण हादसे की भनक रातभर किसी को नहीं लग पाई, और युवक का शव खेत में पड़ा रहा. बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के घर में कोहराम मच गया.
सड़क से नीचे खेत में गिरी बाइक
मिली जानकारी के अनुसार, उधडीया गांव निवासी सालुका जामुदा (45) मंगलवार को किसी आवश्यक कार्य से अपनी बाइक पर सवार होकर टोकलो क्षेत्र के केनके गांव गए थे. देर शाम वे वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी जोजोकुडमा-सुपाईसाईं मार्ग पर चरन टांड मोड़ के पास आरसीसी पुलिया के निकट उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई. अनियंत्रित होकर बाइक सड़क से नीचे सीधे खेत में जा गिरी और भारी बाइक युवक के ऊपर ही आ दबी. इस भीषण दुर्घटना में गंभीर अंदरूनी चोट लगने के कारण सालुका जामुदा की मौके पर ही मौत हो गई.
रातभर खोजबीन करते रहे परिजन
घटनास्थल पूरी तरह सुनसान होने के कारण मंगलवार रात हादसे की जानकारी किसी को नहीं मिल सकी. इधर, देर रात तक जब सालुका जामुदा अपने घर नहीं लौटे, तो चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी. बुधवार सुबह जब आसपास के ग्रामीण अपने खेतों की ओर काम करने निकले, तो उनकी नजर खेत में गिरी हुई एक बाइक पर पड़ी. पास जाने पर उन्होंने देखा कि बाइक के नीचे एक व्यक्ति दबा हुआ है. यह देख ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना आमदा ओपी पुलिस को दी.
बाइक और पहचान पत्र से हुई शिनाख्त
सूचना मिलते ही आमदा ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया. मौके पर मिले वाहन के नंबर और पास से बरामद आधार पर मृतक की शिनाख्त उधडीया गांव निवासी सालुका जामुदा के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दी. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है. इस आकस्मिक और दर्दनाक मौत से उधडीया गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए