अब विदेशों में गूंजेगी खरसावां की गूंज, 69वें राष्ट्रमंडल सम्मेलन में शामिल होंगे रवींद्रनाथ महतो समेत यह विधायक
सम्मेलन में भाग लेने के लिए रवाना होते विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, खरसावां विधायक दशरथ गागराई व टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो.
खरसावां विधायक दशरथ गागराई 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे. वे स्विट्जरलैंड और दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर रहेंगे.
खरसावां: झारखंड के खरसावां विधानसभा क्षेत्र की आवाज अब अंतरराष्ट्रीय संसदीय मंच तक गूंजेगी. खरसावां विधायक दशरथ गागराई 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन-2026 में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए रवाना हो गए हैं. कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन (CPA) की झारखंड शाखा के प्रतिनिधिमंडल में शामिल विधायक गागराई बुधवार को रांची से दिल्ली पहुंचे. विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल 10 से 19 सितंबर तक विदेश दौरे पर रहेगा. इस प्रतिनिधिमंडल में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो समेत अन्य शामिल हैं.
अंतरराष्ट्रीय मंच पर इन अहम विषयों पर होगा मंथन
इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विधायक दशरथ गागराई को विभिन्न राष्ट्रमंडल देशों के सांसदों और विधायकों की कार्यप्रणाली, विकास मॉडल और जनकल्याणकारी नीतियों को करीब से समझने का अनूठा अवसर मिलेगा. सम्मेलन के दौरान लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने, सतत विकास, युवाओं की भागीदारी, लैंगिक समानता, जलवायु परिवर्तन, डिजिटल प्रशासन और संसदीय परंपराओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन होगा. साथ ही, अलग-अलग देशों के नीति विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों के बीच अनुभवों का व्यापक आदान-प्रदान भी किया जाएगा.
खरसावां के विकास से जोड़ेंगे अंतरराष्ट्रीय अनुभव

विदेश रवाना होने से पहले विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में शामिल होना न सिर्फ झारखंड बल्कि विशेष रूप से खरसावां विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने विश्वास जताया कि अंतरराष्ट्रीय मंच से मिलने वाले अनुभवों और उन्नत विकास योजनाओं की जानकारी का उपयोग राज्य और खरसावां के चहुंमुखी विकास में किया जाएगा. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और ऐसे आयोजनों से नई सोच व बेहतर कार्यप्रणाली सीखने को मिलती है.
स्विट्जरलैंड, दक्षिण अफ्रीका और मॉरीशस का दौरा
निर्धारित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल 10 सितंबर को नई दिल्ली से रवाना होकर स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख पहुंचेगा, जहां 13 सितंबर तक प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यक्रम में हिस्सा लेगा. इसके बाद जोहान्सबर्ग के रास्ते 14 सितंबर को दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन पहुंचकर मुख्य 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेगा. सम्मेलन की समाप्ति के बाद 18 सितंबर की रात प्रतिनिधिमंडल केप टाउन से मॉरीशस के लिए रवाना होगा और लगभग तीन देशों की इस महत्वपूर्ण यात्रा के बाद 19 सितंबर की शाम मुंबई लौटेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए