धूमकुड़िया भवन बनाते-बनाते बुझ गया घर का चिराग.. जानें क्या है मामला
नितिश नायक (फाइल फोटो)
खरसावां के पोडाडीह में भवन निर्माण के दौरान 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से 22 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई. परिजनों में मातम पसरा है.
खरसावां: थाना क्षेत्र की शिमला पंचायत के पोडाडीह गांव में मंगलवार सुबह करीब 9:00 से 9:30 बजे के बीच धूमकुड़िया भवन निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. निर्माण कार्य में लगे 22 वर्षीय मजदूर नितिश नायक उर्फ डॉक्टर नायक की 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गयी. हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गयी.
निर्माण कार्य के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आया

जानकारी के अनुसार, नितिश नायक, पिता बलराम नायक, भवन निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था. इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया. करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा. मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाये सवाल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. इधर, मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया. ग्रामीणों ने निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाये हैं. उनका कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान बिजली तार से पर्याप्त दूरी और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए था. शिमला पंचायत के ग्राम प्रधान प्रवीण प्रताप सिंहदेव भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए