आईटीआई में नामांकन पर बवाल, अभ्यर्थियों ने एक घंटे जाम रखा मुख्य मार्ग
बुरुडीह आइटीआइ के सामने सड़क पर बैठ कर सरायकेला खरसावां मुख्य मार्ग पर जाम करते अभ्यार्थी.
खरसावां के बुरुडीह आईटीआई में नामांकन प्रक्रिया में अनियमितता के आरोपों के बाद अभ्यर्थियों ने मुख्य मार्ग को एक घंटे तक जाम कर अपना विरोध जताया।
खरसावां : औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बुरुडीह में नामांकन की प्रक्रिया को लेकर गुरुवार को अभ्यर्थियों का आक्रोश सड़क पर उतर आया. काउंसलिंग में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए अभ्यर्थियों ने अपने अभिभावकों के साथ सरायकेला-खरसावां मुख्य मार्ग को बुरुडीह आईटीआई के समीप करीब एक घंटे तक जाम कर दिया. दोपहर 12.30 बजे सड़क पर उतरे अभ्यर्थियों ने संस्थान की नामांकन प्रक्रिया पर सवाल उठाया. इससे मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया.
काउंसलिंग के दौरान नहीं अपनायी जा रही स्पष्ट नीति
अभ्यर्थियों का आरोप था कि काउंसलिंग के दौरान स्पष्ट नीति नहीं अपनायी जा रही है. अभ्यर्थियों ने कहा कि नामांकन की प्रक्रिया स्पष्ट और पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी के साथ अन्याय न हो.

नामांकन में बारती जा रही है पारदर्शिता : प्राचार्य
इधर, आईटीआई बुरुडीह के प्राचार्य शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने अभ्यर्थियों के आरोपों को खारिज किया. उन्होंने बताया - संस्थान में नौ अलग-अलग ट्रेडों में 196 सीटों पर नामांकन होना है, जिसमें कई सीटे शारीरिक रूप से निशक्त व अन्य कोटे से है. नामांकन की प्रक्रिया निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ चल रही है.
पिछले दो दिनों से जारी है काउंसलिंग की प्रक्रिया
पिछले दो दिनों से काउंसलिंग की प्रक्रिया जारी है और अलग अलग ट्रेड में सीटों के अनुसार कनामांकन लिया जा रहा है. प्राचार्य के अनुसार अब तक करीब 180 सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. उन्होंने कहा कि संस्थान में किसी तरह की अनियमित भर्ती नहीं की गयी है. संस्थान में निर्धारित सीट पर ही नामांकन हो पाएगी, जबकि अभ्यर्थियों की संख्या काफी अधिक है.
हाट के दिन जाम से बढ़ी परेशानी
गुरुवार को खरसावां का साप्ताहिक हाट होने के कारण मुख्य मार्ग पर पहले से ही वाहनों और लोगों की आवाजाही अधिक थी. आईटीआई के सामने सड़क जाम होने के बाद देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. बस, ऑटो, बाइक समेत छोटे-बड़े वाहन जाम में फंस गये. करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहने से राहगीरों, वाहन चालकों और हाट आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. लोग जाम खुलने का इंतजार करते रहे, जाम हटाने के बाद आवागमन सामान्य हुआ.
पुलिस पहुंची, समझाने के बाद हटा जाम
सड़क जाम की सूचना मिलते ही खरसावां थाना प्रभारी राहुल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से बातचीत की. समझाने-बुझाने के बाद अभ्यर्थियों ने सड़क से हटने पर सहमति जतायी. करीब 1.30 बजे जाम हटाया गया, जिसके बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन सामान्य हुआ.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए