छात्रों को राजनीतिक मोहरा न बनाए भाजपा, संवाद से हो समस्याओं का समाधान : दशरथ गागराई
प्रेस कांफ्रेंस में विधायक दशरथ गागराई और झामुमो के सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष डॉ शुभेन्दु महतो व अन्य नेता.
खरसावां में झामुमो ने भाजपा पर छात्र आंदोलन को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया। विधायक दशरथ गागराई ने युवाओं को मोहरा न बनाने की अपील की।
खरसावां : छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर झामुमो ने भाजपा पर निशाना साधा है. खरसावां के झामुमो कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में विधायक दशरथ गागराई और झामुमो के सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष डॉ शुभेन्दु महतो ने भाजपा पर छात्रों के मुद्दों को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया. विधायक ने कहा - छात्रों और युवाओं को किसी भी राजनीतिक संघर्ष का मोहरा नहीं बनाया जाना चाहिए. दशरथ गागराई ने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख छात्रों को ढाल बनाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा - छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद और लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए. छात्रों को आंदोलन और टकराव की ओर धकेलना उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है.
आपके शहर में
छात्रों की समस्या पर संवाद करे भाजपा
विधायक ने भाजपा नेताओं से सवाल किया कि वे वास्तव में छात्रों की समस्याओं का समाधान चाहते हैं या उन्हें राजनीतिक लड़ाई का हिस्सा बनाना चाहते हैं ? उन्होंने कहा कि छात्रों की चिंता है तो सरकार के साथ संवाद करें, तथ्य सामने रखें और समाधान का रास्ता सुझाएं. छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति करना न छात्रहित में है और न लोकतांत्रिक राजनीति के हित में. उन्होंने कहा कि झामुमो छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार और शांतिपूर्ण आंदोलन के अधिकार का सम्मान करता है, लेकिन आंदोलन के नाम पर हिंसा, उकसावे या राजनीतिक टकराव को बढ़ावा देने का समर्थन नहीं किया जा सकता.
बाबूलाल मरांडी से बयान पर स्पष्टीकरण की मांग
विधायक ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के बीच जाकर उन्हें राजनीतिक नारों और उकसावे में उलझाने से उनके भविष्य का क्या भला होगा ? झारखंड के छात्र किसी राजनीतिक दल के मोहरे नहीं हैं. उनकी प्राथमिकता शिक्षा, रोजगार और बेहतर भविष्य है. उन्होंने कहा कि यदि कहीं मारपीट या कानून का उल्लंघन हुआ है तो पुलिस-प्रशासन निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करे. जांच पूरी होने से पहले किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति को दोषी ठहराना उचित नहीं है.
बिना प्रमाण कार्यकर्ताओं को बदनाम करना गलत : शुभेन्दु
झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ शुभेन्दु महतो ने कहा कि भाजपा को छात्रों की समस्याओं को राजनीतिक हथियार बनाने के बजाय समाधान की दिशा में पहल करनी चाहिए. उन्होंने बाबूलाल मरांडी से अपने बयान पर स्पष्टीकरण देने की मांग की. साथ ही कहा कि यदि बयान के माध्यम से झामुमो कार्यकर्ताओं को गलत तरीके से बदनाम किया गया है, तो इसके लिए माफी मांगी जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी घटना में कानून का उल्लंघन हुआ है तो निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, लेकिन जांच से पहले राजनीतिक निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है. उन्होंने कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोगों से भी छात्रों की भावनाओं का राजनीतिक इस्तेमाल नहीं करने की अपील की.
प्रेस कांफ्रेंस में कई नेता रहे उपस्थित
प्रेस कांफ्रेंस में जिला परिषद सदस्य कालीचरण बनरा, सरायकेला नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, प्रखंड सचिव संगी हेंब्रम, प्रखंड अध्यक्ष कृष्ण चंद्र प्रधान, संजू हाईबुरु, कृष्णा राणा, यशोदा गोप, राजेन हांसदा, हरिचरण सुम्ब्रुई, साधु चरण सोय, भावेश मिश्रा, जितेन पूर्ति, सरिता हांसदा समेत झामुमो के जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए