झारखंड आंदोलन के सशक्त स्वर दामु बानरा का निधन, कोल्हान में शोक की लहर

दामु बानरा की फाइल फोटो
झारखंड आंदोलन के एक प्रमुख नेता और आजसू पार्टी के पूर्व महासचिव दामु बानरा का 65 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. उनके निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है. वे खरसावां के मूल निवासी थे.
शचिंद्र कुमार दाश
खरसावां : झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और आजसू पार्टी के पूर्व केंद्रीय महासचिव दामु बानरा का मंगलवार को करीब 65 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन की खबर से कोल्हान समेत पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई. वे पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड स्थित गाड़ा राजाबासा गांव के निवासी थे. उनका अंतिम संस्कार बुधवार को उनके पैतृक गांव में किया जाएगा.
कई महीनों से थे अस्वस्थ
परिजनों के अनुसार दामु बानरा पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे. करीब 10 दिन पहले इलाज के बाद वे अस्पताल से घर लौटे थे. मंगलवार सुबह अचानक उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई. परिजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ली.
झारखंड आंदोलन में निभाई अहम भूमिका
दामु बानरा झारखंड आंदोलन के सक्रिय और समर्पित नेताओं में गिने जाते थे. अलग झारखंड राज्य की मांग को लेकर चले आंदोलन में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. लंबे समय तक वे झारखंडी जनभावनाओं की आवाज बनकर विभिन्न आंदोलनों और जनसंगठनों से जुड़े रहे. सामाजिक और राजनीतिक जीवन में उनकी सक्रियता के कारण कोल्हान क्षेत्र में उनका विशेष सम्मान था.
आजसू पार्टी में निभाई कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां
दामु बानरा ने आजसू पार्टी में पूर्व केंद्रीय महासचिव के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. वर्तमान में वे पार्टी के प्रशिक्षक की भूमिका में कार्य कर रहे थे. संगठन को मजबूत करने और नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं को तैयार करने में उनका अहम योगदान माना जाता है.
सुदेश महतो ने जताया गहरा शोक
आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने दामु बानरा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि दामु बानरा का पूरा जीवन झारखंडी जनता के संघर्ष और अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा. उन्होंने आजसू की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वे दूरदर्शी चिंतक, कुशल मार्गदर्शक और समर्पित आंदोलनकारी थे. उनका निधन आजसू परिवार, झारखंड आंदोलन और पूरे कोल्हान क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है.
राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक
दामु बानरा के निधन पर आजसू नेताओं, झारखंड आंदोलनकारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है. लोगों ने उनके संघर्षशील जीवन और झारखंड आंदोलन में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
ये भी पढ़ें...
कुचाई में 11 बिरहोर परिवारों को अनुदान पर मिला बकरा-बकरी, मिलेगा स्वरोजगार का सहारा
अर्जुन मुंडा ने गडकरी से की मुलाकात, खूंटी बाइपास निर्माण में तेजी लाने पर हुई चर्चा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अमलेश नंदन सिन्हा
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










