स्विट्जरलैंड पहुंचे झारखंड के विधानसभा अध्यक्ष समेत यह विधायक, तस्वीरें देख आप भी कहेंगे- वाह!
झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो, टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो के साथ खरसावां विधायक दशरथ गागराई
झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए स्विट्जरलैंड पहुंचा है.
खरसावां: 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन-2026 में भाग लेने के लिए कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन (CPA) की झारखंड शाखा का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को स्विट्जरलैंड पहुंच गया. विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में खरसावां विधायक दशरथ गागराई और टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो शामिल हैं. प्रतिनिधिमंडल का विदेश दौरा 10 से 19 सितंबर तक निर्धारित है. दौरे के पहले चरण में सभी सदस्य स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में ठहरे हैं.
लाउटरब्रूनन और स्टॉबबैक जलप्रपात का किया भ्रमण

ज्यूरिख प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने लाउटरब्रूनन क्षेत्र का भ्रमण किया और प्रसिद्ध स्टॉबबैक जलप्रपात का दीदार किया. प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध लाउटरब्रूनन को ‘72 झरनों की घाटी’ के नाम से जाना जाता है. यहां पहाड़ों, हरियाली और झरनों का मनमोहक दृश्य प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के आकर्षण का केंद्र रहा. विधायक दशरथ गागराई ने लाउटरब्रूनन, स्टॉबबैक जलप्रपात और ज्यूरिख की खूबसूरत वादियों की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं. उन्होंने यात्रा के अनुभव को ‘अविस्मरणीय पल’ बताया.
13 सितंबर तक प्री-कॉन्फ्रेंस

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार झारखंड का प्रतिनिधिमंडल 13 सितंबर तक ज्यूरिख में आयोजित प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यक्रम में हिस्सा लेगा. इसके बाद 14 सितंबर को जोहान्सबर्ग के रास्ते दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन के लिए रवाना होगा. यहां 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन के मुख्य कार्यक्रम में प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा.
सम्मेलन में राष्ट्रमंडल देशों की संसदीय व्यवस्था, लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और आपसी सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी. सम्मेलन झारखंड के प्रतिनिधियों के लिए अन्य राष्ट्रमंडल देशों की संसदीय कार्यप्रणाली को समझने और अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है.
रविंद्र महतो ने X पर साझा किया विदेश दौरे का अनुभव
झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने विदेश दौरे की तस्वीरें और अनुभव सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया. उन्होंने बताया कि दक्षिण अफ्रीका की यात्रा के पहले दिन स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में प्रवास के दौरान प्रसिद्ध लाउटरब्रूनन घाटी और स्टॉबबाख जलप्रपात का भ्रमण किया. उन्होंने कहा कि पर्वतों, हरियाली और झरनों से घिरी लाउटरब्रूनन घाटी की प्राकृतिक सुंदरता बेहद मनोहारी है. ‘72 झरनों की घाटी’ के नाम से प्रसिद्ध यह क्षेत्र प्रकृति के अद्भुत वैभव का सुंदर उदाहरण है. महतो ने इस प्राकृतिक सौंदर्य के अनुभव को यादगार बताया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए