सरकारी शराब की दुकान में पिस्टल दिखा कर मांगी रंगदारी, आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करते एसडीपीओ और अन्य. फोटो: प्रभात खबर
Seraikela News: सरायकेला के गम्हरिया में शराब दुकान में पिस्टल दिखाकर रंगदारी मांगने वाले आरोपी मयंक बारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया. उसके पास से देसी पिस्टल और मैगजीन बरामद हुई. एसआईटी जांच के बाद आरोपी को जेल भेजा गया. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
सरायकेला से प्रताप मिश्रा की रिपोर्ट
Seraikela News: सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में सरकारी शराब दुकान में पिस्टल दिखाकर रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मयंक बारी उर्फ गुल्लू (31 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस पूरे मामले की जानकारी एसडीपीओ समीर सामड ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी.
आपके शहर में
सात अप्रैल की घटना, नौ अप्रैल को दर्ज हुई प्राथमिकी
यह घटना 7 अप्रैल की बताई जा रही है, जब गम्हरिया के केपीएस मोड़ स्थित सरकारी शराब दुकान में आरोपी ने पिस्टल के बल पर रंगदारी मांगी और शराब भी लेकर चला गया. हालांकि, इस घटना की सूचना पुलिस को 9 अप्रैल को दी गई, जिसके बाद आदित्यपुर निवासी निशांत झा के बयान पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई.
एसआईटी का गठन कर शुरू हुई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी गम्हरिया के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया. इस टीम ने भौतिक, तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की और आरोपी की पहचान करने में सफलता हासिल की.
आरोपी से पिस्टल और मैगजीन बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मयंक बारी उर्फ गुल्लू को गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल और एक मैगजीन बरामद किया गया है. बरामद हथियार को जब्त कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ आदित्यपुर थाना में वर्ष 2017 और 2018 में आर्म्स एक्ट, छेड़छाड़, चोरी और पोक्सो एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं. इससे साफ है कि आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है.
छापामारी दल की भूमिका अहम
इस पूरे ऑपरेशन में गम्हरिया थाना की टीम की अहम भूमिका रही. छापामारी दल में थाना प्रभारी रामचंद्र रजक के साथ सुबोध कुमार दास, अरुण कुमार महतो, मनोज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. टीम ने समन्वय और तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बढ़ा भरोसा
इस घटना के खुलासे के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है. जिस तेजी से पुलिस ने मामले का उद्भेदन किया, वह सराहनीय माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: पलामू में दिनहदाड़े लूट, सीएसपी संचालक दंपति को गोली मार किया घायल
अपराध पर लगाम लगाने का प्रयास
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है. इस तरह के मामलों में सख्ती बरती जाएगी ताकि अपराधियों में डर बना रहे और आम जनता सुरक्षित महसूस कर सके.
इसे भी पढ़ें: ओपन जेल में बुनियादी सुविधा की व्यवस्था पर हाईकोर्ट सख्त, निगरानी समिति गठन करने का दिया निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए