धतकीडीह में मारपीट के बाद लापता थे राहुल-तपन, रापचा जंगल में जमीन खोदते ही खुला खौफनाक राज...
जमीन से मिला दोनों का शव.
13 अगस्त से लापता दो युवकों, राहुल हांसदा और तपन प्रधान, के शव गम्हरिया के रापचा जंगल में जमीन के अंदर से बरामद किए गए हैं. पुलिस पूछताछ में मोबाइल चोरी के आरोप और पिटाई के बाद हत्या की बात सामने आई है.
उत्तम सोनार/गम्हरिया : कांड्रा थाना क्षेत्र के धतकीडीह स्कूल में 13 अगस्त की रात मारपीट के बाद लापता हुए राहुल हांसदा (23) और तपन प्रधान (22) के शव शनिवार को गम्हरिया थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर फुटबॉल मैदान से नीचे रापचा जंगल में जमीन के अंदर से बरामद किए गए. पुलिस ने दोनों शव नामजद आरोपियों फुलचांद उर्फ रघुनाथ हांसदा और रवींद्र मार्डी की निशानदेही पर बरामद किए. दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि राहुल और तपन पर फुलचांद हांसदा की मोबाइल चोरी का आरोप था. इसी बात को लेकर 13 अगस्त की रात दोनों की पिटाई की गई थी. पिटाई के दौरान दोनों की मौत हो गई. इसके बाद मामले को छिपाने के लिए दोनों के शव को रात में रापचा जंगल ले जाकर जमीन में दफना दिया गया.
आपके शहर में
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी से निकाले शव
शनिवार दोपहर करीब दो बजे कांड्रा थाना प्रभारी और गम्हरिया थाना पुलिस दंडाधिकारी सह अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह की मौजूदगी में दोनों आरोपियों को लेकर रापचा जंगल पहुंची. जंगल मुख्य मार्ग से करीब दो किलोमीटर अंदर था. पुलिस ने पहले गैता-कुदाली से शव निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद जेसीबी की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को जमीन से बाहर निकाला गया. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

शव दफनाने में इस्तेमाल औजार खरकई नदी में फेंके
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शवों को दफनाने के लिए इस्तेमाल किए गए औजारों को बाद में खरकई नदी में फेंक दिया गया. इसके कारण पुलिस औजारों को बरामद नहीं कर सकी. आरोपियों के अनुसार दोनों शवों को दफनाने में पूरी रात लग गई थी.
मारपीट के बाद छोड़ने का बताया था दावा
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मोबाइल चोरी की जानकारी मिलने के बाद राहुल हांसदा, तपन प्रधान और सूरज हांसदा को धतकीडीह स्कूल से गम्हरिया लाया गया था. वहां तीनों के साथ मारपीट की गई. इसके बाद सूरज को छोड़ दिया गया, जो वहां से अपने घर चला गया. कुछ देर बाद राहुल और तपन को भी छोड़ने की बात आरोपियों ने बताई. हालांकि, कुछ दूर जाने के बाद दोनों जमीन पर गिर पड़े. पास जाकर देखने पर दोनों की मौत हो चुकी थी. इसके बाद आरोपियों ने मामले को छिपाने के लिए दोनों शवों को रात में रापचा जंगल ले जाकर दफना दिया.
दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी, दोनों गिरफ्तार
राहुल हांसदा के पिता रवि हांसदा के बयान पर कांड्रा थाना में फुलचांद उर्फ रघुनाथ हांसदा और रवींद्र मार्डी के खिलाफ राहुल हांसदा और उसके दोस्त तपन प्रधान पर जानलेवा हमला करने तथा अपहरण करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्राथमिकी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ और दोनों शव बरामद किए गए. पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है राहुल हांसदा पिंड्राबेड़ा का रहने वाला था, जबकि तपन प्रधान मूल रूप से सुपायसाय, खरसावां का निवासी था और गम्हरिया में रह रहा था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए