सड़क दुर्घटना में मृत पीडीएस डीलर के परिजनों को मुआवजे की मांग पर दो घंटे सड़क जाम
खरसावां के केरसे मुंडा चौक में बांस का बल्ला लगाकर सड़क जाम करते ग्रामीण.
खरसावां में सड़क दुर्घटना में मृत पीडीएस डीलर के परिजनों को मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने दो घंटे सड़क जाम किया। ट्रक मालिक ने एक लाख रुपये देने का वादा किया।
खरसावां : सड़क दुर्घटना में मृत पीडीएस डीलर करम सिंह बोदरा (66) के परिजनों को मुआवजा देने की मांग पर शनिवार को ग्रामीणों ने केरसे मुंडा चौक (चांदनी चौक) पर करीब दो घंटे सड़क जाम रखा. पोस्टमार्टम के बाद सरायकेला से शव खरसावां पहुंचते ही दलाईकेला पंचायत के सत्तीकुदर गांव के ग्रामीणों सहित स्थानीय लोग सड़क पर उतर आये. ग्रामीणों ने बांस का बल्ला लगाकर आवागमन रोक दिया. मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की.
आपके शहर में
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पहुंचे अधिकारी
सड़क जाम की सूचना मिलने पर खरसावां सीओ कप्तान सिंकु, आमदा थाना प्रभारी राम रेखा पासवान, खरसावां थाना के एसआइ संजीव कुमार सिंह एवं श्याम बाबू राठौर समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने जामकर्ताओं के साथ बातचीत कर मामले को शांत कराया. बातचीत कर मुआवजे पर सहमति बना कर जाम को खाला कराया.
तत्काल मिला 50 हजार, तीन दिन में मिलेंगे 50 हजार
बातचीत के दौरान ट्रक मालिक की ओर से मृतक के परिजनों को एक लाख रुपये आर्थिक मुआवजा देने पर मौखिक रुप से सहमति बनी. परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये दिये गये. वहीं, शेष 50 हजार रुपये तीन दिनों के भीतर देने की बात तय हुई. साथ ही दुर्घटना में घायल करम सिंह बोदरा के दोनों पोते बिरेन सिंह बोदरा और निखील बोदरा के इलाज में होने वाले खर्च का वहन करने का भरोसा भी दिया गया. इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटा लिया.
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और खाद्यान्न जब्त
आमदा ओपी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डोर स्टेप डिलीवरी ट्रक को जब्त कर लिया है. ट्रक में लदा खाद्यान्न भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है. पुलिस सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.
जाम के दौरान प्रभावित हुई आवाजाही
सड़क जाम करीब दो घंटे तक रहा. इस दौरान मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. कई वाहन चालकों को दूसरे रास्तों से आवागमन करते देखा गया. जाम हटने के बाद ग्रामीण मृतक का शव लेकर उनके पैतृक गांव सत्तीकुदर चले गये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए