सुबह अकेले जा रहे थे 80 साल के बुजुर्ग, अचानक सामने आया भालू, फिर जो हुआ उसने पूरे गांव को डरा दिया...
घायल मानसिंह हांसदा
बलरामपुर गांव में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग जंगली भालू के हमले का शिकार हो गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं. इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है. वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग की गई है.
राजनगर: थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव में रविवार की सुबह जंगली भालू के हमले से 80 वर्षीय मानसिंह हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गये. भालू ने उन पर अचानक हमला कर जमीन पर पटक दिया और पंजों व दांतों से बुरी तरह नोंच डाला. हमले में उनके पैर की हड्डी टूट गयी, जबकि शरीर के कई हिस्सों में गहरे जख्म हो गये. गंभीर हालत में उन्हें तत्काल जमशेदपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बतायी जा रही है. घटना के बाद बलरामपुर और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है.
सुबह रास्ते में अचानक सामने आया भालू
जानकारी के अनुसार, मानसिंह हांसदा रविवार सुबह करीब 5:45 बजे बलरामपुर से बेटकालसाईं की ओर पैदल जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में अचानक जंगली भालू उनके सामने आ गया. वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही भालू ने उन पर हमला कर दिया. भालू ने उन्हें जमीन पर पटक दिया और पंजों व दांतों से शरीर पर कई वार किये. मानसिंह की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों को आता देख भालू वहां से भाग गया. इसके बाद ग्रामीणों ने घायल बुजुर्ग को तत्काल इलाज के लिए पहुंचाया.
पैर की हड्डी टूटी, शरीर पर कई गहरे जख्म
भालू के हमले में मानसिंह हांसदा के पैर की हड्डी टूट गयी है. इसके अलावा शरीर के कई हिस्सों में गहरे जख्म हैं. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जमशेदपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. परिजनों और ग्रामीणों में घटना को लेकर चिंता बनी हुई है. उम्रदराज बुजुर्ग पर हुए इस हमले ने गांव के लोगों को वन क्षेत्र से सटे रास्तों पर आवाजाही को लेकर सतर्क कर दिया है.
ग्रामीणों ने गश्त बढ़ाने की मांग की
घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गयी है. वन कर्मियों ने इलाके में भालू की मौजूदगी की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है. ग्रामीणों का कहना है कि भालू के दोबारा गांव या आसपास के रास्तों पर आने की आशंका से लोग भयभीत हैं. उन्होंने वन विभाग से प्रभावित इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने, भालू की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए