महीनों से मजदूरी नहीं मिलने पर सैकड़ों मजदूरों ने रोका ओवरब्रिज का काम, एक सप्ताह में भुगतान का आश्वासन
साहिबगंज (फाइल फोटो)
सैकड़ों मजदूरों ने मजदूरी भुगतान में देरी के विरोध में फरक्का में निर्माणाधीन ओवरब्रिज का काम रोक दिया. एक सप्ताह में भुगतान के आश्वासन पर मामला सुलझा.
प्रतिनिधि, फरक्का : समशेरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धुलियान डाकबंगला के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-12 पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के काम में मंगलवार को उस समय हंगामा हो गया, जब मजदूरों ने कई महीनों से मजदूरी का भुगतान समय पर नहीं होने का आरोप लगाते हुए काम बंद कर दिया. ओवरब्रिज का निर्माण कार्य सिम्प्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर संस्था की ओर से कराया जा रहा है. मजदूर संगठन के अध्यक्ष दिलावर शेख के नेतृत्व में सैकड़ों मजदूरों ने संस्था के कार्यालय के सामने काम बंद कर विरोध-प्रदर्शन किया. मजदूरों का आरोप है कि उन्हें कई महीनों से समय पर मजदूरी नहीं मिल रही है. मजदूरों ने कहा कि बार-बार भुगतान में देरी के कारण उन्हें आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा.
एक सप्ताह में बकाया मजदूरी भुगतान का आश्वासन
विरोध के दौरान कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी आवागमन प्रभावित हुआ. सूचना मिलने पर समशेरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मजदूरों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाकर संस्था के कार्यालय के पास बैठाया. इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में मजदूरों और संस्था के मैनेजर मो शाहिर के बीच बैठक हुई. बैठक में संस्था की ओर से मजदूरों को आश्वासन दिया गया कि एक सप्ताह के भीतर धीरे-धीरे बकाया मजदूरी का भुगतान कर दिया जायेगा. आश्वासन मिलने के बाद मजदूरों ने अगले दिन से दोबारा काम शुरू करने की बात कही. इसके साथ ही मजदूरों का विरोध प्रदर्शन समाप्त हो गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए